गुवाहाटी में बाढ़ और भूस्खलन रोकने के लिए असम-मेघालय मिलकर करेंगे काम: कॉनराड संगमा

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 25 जुलाई। मेघालय के मुख्यमंत्री और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष कॉनराड के. संगमा ने कहा है कि गुवाहाटी में बाढ़ और भूस्खलन की समस्या से निपटने तथा विकास कार्यों के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के लिए असम और मेघालय की सरकारें मिलकर काम करेंगी।

यह बयान असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा हाल ही में जताई गई उस चिंता के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि असम-मेघालय सीमा, विशेषकर जोराबाट-यूएसटीएम क्षेत्र में अनियंत्रित निर्माण गतिविधियों के कारण गुवाहाटी में बाढ़ और भूस्खलन की समस्या बढ़ रही है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कॉनराड संगमा ने कहा कि विकास सभी राज्यों के लिए आवश्यक है, लेकिन यह जिम्मेदारी और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “विकास सभी राज्यों में होता है और इसकी आवश्यकता भी है। बाढ़ एक गंभीर चिंता का विषय है और इसके पीछे कई कारण हैं।”

संगमा ने बताया कि दोनों राज्य सरकारें आधिकारिक स्तर पर इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक संयुक्त समिति का गठन नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से नियमित रूप से बातचीत करता हूं, यहां तक कि छोटे-छोटे मुद्दों पर भी। हमने बाढ़ की स्थिति पर भी चर्चा की है। हम मिलकर इसका समाधान खोजेंगे और इसके प्रभाव को कम करने के उपाय करेंगे।”

मेघालय के मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि गुवाहाटी में बार-बार आने वाली बाढ़ और भूस्खलन की समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब असम और मेघालय दोनों राज्य समन्वित रूप से आवश्यक कदम उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *