वरिष्ठ समाजसेवी एवं साहित्यकार कपूरचंद जैन की स्मृति में रविवार को श्रद्धांजलि सभा
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 15 अगस्त। वरिष्ठ समाजसेवी एवं साहित्यकार कपूरचंद जैन की स्मृति में श्री दिगंबर जैन पंचायत, गुवाहाटी की ओर से रविवार, 16 अगस्त को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा फैंसी बाजार के एम.एस. रोड स्थित भगवान महावीर धर्मस्थल में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी। इस अवसर पर दिवंगत कपूरचंद जैन के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए सामाजिक, साहित्यिक और सार्वजनिक जीवन में उनके उल्लेखनीय योगदान का स्मरण किया जाएगा तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
कपूरचंद जैन लंबे समय तक गुवाहाटी के सामाजिक और साहित्यिक जीवन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। विभिन्न सामाजिक एवं साहित्यिक संस्थाओं के माध्यम से उन्होंने समाज को अपनी सेवाएं दीं। विभिन्न भाषाओं पर उनकी अच्छी पकड़ और साहित्य, धर्म तथा सामाजिक विषयों का गहरा अध्ययन उनके व्यक्तित्व की विशेषता थी। सादगी, विद्वता और समाज के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने महानगर के सामाजिक जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
श्री दिगंबर जैन पंचायत, गुवाहाटी के अध्यक्ष महावीर जैन और सचिव बीरेंद्र सरावगी ने समाज के सभी सदस्यों, महिलाओं, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, पेशेवर संगठनों तथा समाजसेवियों से श्रद्धांजलि सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है।
पंचायत ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा कपूरचंद जैन के लंबे सामाजिक एवं साहित्यिक योगदान को स्मरण करने और उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर होगी।

