जेसीआई बरपेटा रोड ने देशभक्ति और सेवा भावना के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस
थर्ड आई न्यूज
बरपेटा रोड, 15 अगस्त । देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जेसीआई बरपेटा रोड की ओर से अपने गोद लिए हुए विद्यालय मधुलीझार दक्षिण मछुआगांव प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, कर्मचारियों तथा जेसीआई बरपेटा रोड के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया और सभी ने देश की स्वतंत्रता एवं उसके मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जेसीआई बरपेटा रोड की ओर से विद्यालय के सभी नमस्ते के बीच जूस, चिप्स, केक एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।
जेसीआई बरपेटा रोड द्वारा प्रत्येक वर्ष अपने गोद लिए हुए विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। इस दौरान संस्था की ओर से विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाता है।
संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, अच्छे संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करना है। कार्यक्रम के दौरान जेसीआई सदस्यों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर शिक्षा प्राप्त करने तथा भविष्य में देश के जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने जेसीआई बरपेटा रोड के निरंतर सहयोग एवं सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।

