बीकानेर नागरिक मंच ने वृद्धजनों के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीकानेर नागरिक मंच, गुवाहाटी ने देशभक्ति और सेवा भावना का परिचय देते हुए लालमाटी स्थित हेल्पिंग हैंड्स ओल्ड एज होम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। मंच के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय समय बिताया तथा उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन ओल्ड एज होम के सचिव रणजीत तालुकदार ने किया। उन्होंने मंच के अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा, निवर्तमान अध्यक्ष घेवर चंद सिपानी, सचिव रजत स्वामी एवं कोषाध्यक्ष पंकज फलोदिया का पारंपरिक फुलाम गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल उस समय और उत्साहपूर्ण हो गया, जब बीकानेर नागरिक मंच के अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा एवं पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर सिपानी ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।

इस अवसर पर मंच के पूर्व अध्यक्ष घेवर चंद सिपानी, दिलीप बोथरा, कमल गोलछा, श्याम सिपानी एवं नवरतन मल सेठिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ सदस्य मगन मल नवलखा, सुरेंद्र चोरडिया, सुनील बागड़ी, गौरी शंकर मुंधड़ा, राजेश बोथरा तथा कार्यकारिणी सदस्यों मानमल लोढ़ा, बिमल मनोहर, महेश चोरडिया, संजय बाफना, रवि दस्साणी, राहुल कोठारी सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
ओल्ड एज होम सेंटर की ओर से कमल अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल एवं मदन लाल अग्रवाल भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर बीकानेर नागरिक मंच की ओर से ओल्ड एज होम की आवश्यकता के अनुरूप राशन एवं दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी प्रदान की गई।

मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम के बाद बीकानेर नागरिक मंच के सदस्यों ने एक अन्य प्रेरणादायी पहल के तहत मंच से जुड़े परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया।

मंच की ओर से प्रतिवर्ष 10वीं, 12वीं तथा विभिन्न प्रोफेशनल डिग्री परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

पूरे आयोजन की जानकारी मंच के जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार फलोदिया ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *