29वें इंडिपेंडेंस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब YKG मणिपुर के नाम, 32 टीमों ने दिखाया दमखम, सोम्या एफसी सोनाईघुली रही उपविजेता
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 15 अगस्त। कार्बी जनजाति संघ की ओर से एच.एल. पोद्दार फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित 29वें ओपन इंडिपेंडेंस कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शुक्रवार को पाथरक्वारी नरेंगी क्रीड़ा संस्था मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। तीन दिनों तक चले टूर्नामेंट में असम और पूर्वोत्तर के विभिन्न हिस्सों की 32 टीमों ने हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में YKG मणिपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 80 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। सोम्या एफसी, सोनाईघुली उपविजेता रही और उसे रनर-अप ट्रॉफी के साथ 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला।
टूर्नामेंट का शुभारंभ 13 अगस्त को विधायक डॉ. तपन दास और अजय पोद्दार ने किया था। इस अवसर पर बिकाश इंगती, कुनाल रोंगसोन, ऋतिक बरुआ, बिस्वज्योति बर्मन और बुल इंगती सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।
तीन दिनों के दौरान खेले गए मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार इंडिपेंडेंस कप का उद्देश्य पूर्वोत्तर की उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के साथ युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में अजय बसफोर और अजय पोद्दार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर गुवाहाटी महानगर जिला परिषद की अध्यक्ष मिताली कलिता, भाजपा प्रागज्योतिषपुर मंडल अध्यक्ष ब्रजेन नाथ, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवरुंग मेधी, प्रदेश परिषद कार्यकारी सदस्य दुर्गा शर्मा, वार्ड नंबर 55 के पार्षद मनोज कुमार नाथ, भरत चंद्र क्रो, सुरेश कईमल, धर्म डेका सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजकों ने टूर्नामेंट की सफलता के लिए सभी प्रतिभागी टीमों, खिलाड़ियों, प्रायोजकों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों और खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करीब तीन दशक से चली आ रही इंडिपेंडेंस कप की परंपरा ने स्थानीय एवं पूर्वोत्तर की फुटबॉल प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आने वाले वर्षों में इसे और व्यापक स्वरूप देकर युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

