डॉ. प्रयास सिंघल की मौत से गुवाहाटी में सनसनी, नेमकेयर अस्पताल में कथित आत्महत्या की जांच जारी

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 2 सितंबर। गुवाहाटी के नेमकेयर अस्पताल में कार्यरत आईसीयू चिकित्सक डॉ. प्रयास सिंघल की बुधवार को अस्पताल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला कथित आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, डॉ. सिंघल पिछले करीब छह वर्षों से नेमकेयर अस्पताल में कार्यरत थे और मंगलवार रात 8 बजे से ड्यूटी पर थे। बुधवार को उनका साप्ताहिक अवकाश निर्धारित था, लेकिन इसी दिन घटना सामने आई।

बताया गया है कि घटना अस्पताल के नए भवन की दूसरी मंजिल स्थित आईसीयू में हुई। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, डॉ. सिंघल ने कथित तौर पर स्वयं को सलाइन ड्रिप लगाई थी, जिसमें दवा मिलाए जाने की बात सामने आई है। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

डॉ. सिंघल सोनापुर के निवासी थे। सूत्रों के मुताबिक, कुछ वर्ष पूर्व उनका तलाक हो गया था और हाल के दिनों में वे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी।

चिकित्सक की अचानक मौत से अस्पताल समुदाय में शोक की लहर है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *