मायुमं: वॉकथॉन 2.0’ में दिखी एकता, स्वास्थ्य और राष्ट्रभावना की झलक
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी । मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा के आतिथ्य में रविवार को ‘ वॉकथॉन 2.0 – एक राष्ट्र का प्रकल्प’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ LOG High School, नंबर-3 गेट से हुआ। इसमें गुवाहाटी की आठ अन्य शाखाओं सहित विभिन्न संस्थाओं, परिवारों एवं समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुवाहाटी सेंट्रल के विधायक विजय गुप्ता रहे। मंच के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज जालान, मंडल F के सहायक मंत्री संयम जैन, वरिष्ठ कार्यकर्ता नवलकिशोर मोर सहित विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों ने LOG High School से MG Road, माछखोवा, जेल रोड होते हुए नंबर-3 गेट तक सामूहिक वॉक पूरी की। इसमें LOG High School के करीब 40 बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के समापन पर ‘ मिट्टी माइल्स’ संस्था द्वारा बच्चों एवं बड़ों के लिए मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। अंत में सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
वॉकथॉन 2.0 ने स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रभावना का संदेश देते हुए ‘एक राष्ट्र, एक भावना, एक साथ’ की भावना को साकार किया।

