रोहित मेहता लायंस क्वेस्ट सप्ताह के तहत नगांव में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

लायंस क्लब नगांव ग्रेटर द्वारा ‘रोहित मेहता लायंस क्वेस्ट सप्ताह’ (26 अगस्त से 1 सितंबर, 2026) के अंतर्गत रत्नकांत बरकटकी हाई स्कूल में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के साथ शिक्षकगण एवं कुछ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन में लगभग 95 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के तहत 29 अगस्त को ‘अच्छा व्यवहार एवं एक अच्छे नागरिक का निर्माण’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्वेस्ट चेयरपर्सन लायन बिनय कुमार छावछरिया ने लायंस क्वेस्ट कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अच्छे व्यवहार, अनुशासन, जिम्मेदारी तथा एक आदर्श नागरिक के कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके बाद 31 अगस्त को ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण’ विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विशेषज्ञ वक्ता डॉ. आकाशी हजारिका ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर उपयोगी जानकारी साझा की। दोनों सत्रों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ खुला संवाद और प्रश्नोत्तर भी आयोजित किया गया।

1 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें ‘अच्छा व्यवहार और अच्छे नागरिक’, ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण’ तथा ‘स्वयं एक आईने में’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न सत्रों में सीखी और समझी गई बातों को निबंध के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

निबंधों के मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को लायंस क्लब नगांव ग्रेटर की ओर से प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक व्यवहार, सामाजिक जिम्मेदारी, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा स्वस्थ एवं संतुलित व्यक्तित्व के विकास की भावना को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष लायन डॉ. कंचन बाला बोरा, सचिव लायन कुसुम सेठिया, सर्विस चेयरपर्सन लायन आकाश खदरिया, क्वेस्ट चेयरपर्सन लायन बिनय कुमार छावछरिया, संयुक्त सचिव लायन आशीष सोलंकी, लायन दिलीप अग्रवाल, लायन रेणु बरुआ, लायन सायरा बेगम तथा लायन डॉ. आकाशी हजारिका सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

लायंस क्लब नगांव ग्रेटर ने इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा समाज में जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिकों के निर्माण की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *