कार्तिक छठ पूजा की तैयारियों को लेकर लखीमपुर में आम सभा, सुंदरी नदी छठ घाट पर व्रतधारियों के लिए बढ़ेगी सुविधा, नए कूपन नंबर और स्थान का होगा आवंटन
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
कार्तिक छठ पूजा 2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य रूप से आयोजित करने को लेकर लखीमपुर सुंदरी नदी छठ घाट पूजा समिति की महत्वपूर्ण आम सभा रविवार, 4 अक्टूबर को सर्वेश्वर बरुआ उत्तर लखीमपुर हिंदी विद्यालय के सभागार में आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष संजय दुबे ने की, जबकि संचालन सचिव शमशेर सिंह ने किया।
बैठक में छठ घाट से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। समिति की ओर से बताया गया कि छठ घाट के सामने की ओर बचे हुए निर्माण कार्य भी लगभग पूरा होने के कगार पर हैं। व्रतधारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाट पर अधिक स्थान उपलब्ध कराने तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
इस वर्ष सभी व्रतधारियों को नए कूपन नंबर और नया स्थान आवंटित किया जाएगा। इसके कारण पिछले वर्षों के क्रमांक एवं स्थान में परिवर्तन हो सकता है। समिति ने स्पष्ट किया कि किसी व्रतधारी को स्थान परिवर्तन को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव हो तो वह 15 अक्टूबर 2026 से पहले समिति को सूचित कर सकता है।
सभी व्रतधारियों से 30 अक्टूबर 2026 से पहले नया कूपन प्राप्त कर अपना स्थान सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
सभा के अंत में समिति के अध्यक्ष संजय दुबे ने कहा कि सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के सहयोग से ही छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है। उन्होंने सभी से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

