नगांव उपचुनाव में धांधली का आरोप, रकीबुल हुसैन ने प्रभावित बूथों पर पुनर्मतदान की मांग की

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं धुबरी के सांसद रकीबुल हुसैन ने नगांव लोकसभा उपचुनाव में धांधली और बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रभावित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामागुड़ी विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान गंभीर अनियमितताएं हुईं।

नगांव जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय राजीव भवन में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुसैन ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा ने पूरे उपचुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने चुनाव आयोग से उन मतदान केंद्रों पर नए सिरे से मतदान कराने की मांग की, जहां कथित तौर पर धांधली की मात्रा अधिक रही।

हुसैन ने भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा की भी आलोचना की और चुनावी प्रक्रिया के संचालन पर सवाल उठाए। नगांव जिला कांग्रेस कमेटी ने इन आरोपों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई और उचित हस्तक्षेप की मांग की है।

सांसद हुसैन ने दावा किया कि करीब 11 वाहनों में सवार अज्ञात लोग सामागुड़ी के विभिन्न मतदान केंद्रों में पहुंचे और वहां चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया। हालांकि, उन्होंने इन लोगों की पहचान या सभी संबंधित मतदान केंद्रों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया था। यह आरोप उन्होंने मतदान के दिन भी लगाए थे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुसैन ने मतदान प्रतिशत को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाता काम के सिलसिले में राज्य से बाहर रहते हैं, ऐसे में सामागुड़ी में करीब 80 प्रतिशत मतदान कैसे हुआ। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इसे ‘चोरी’ के तरीके से अंजाम देने का प्रयास किया गया।

उन्होंने एक कांग्रेसी मतदान कर्मी को कथित रूप से बूथ से अगवा कर डराने-धमकाने और बाद में फिल्मी अंदाज में उसे उसके घर छोड़ने का भी आरोप लगाया। इन आरोपों के संबंध में स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

हुसैन ने जिन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की मांग की है, उनमें कंचनपुर जीपी के बूथ संख्या 211 से 215 तथा साइदोरिया जीपी के बूथ संख्या 220, 221, 222, 223 और 229 शामिल हैं। इसके अलावा बूथ संख्या 121, 122, 124, 125, 126 और 127 पर भी पुनर्मतदान की मांग की गई है।

पुनर्मतदान की मांग वाले मतदान केंद्रों की सूची:

  • बूथ संख्या 211 – नागोलदुआ गर्ल्स एमई स्कूल
  • बूथ संख्या 212 – 440 नं. नागोलदुआ मकतब (पूर्वी भाग)
  • बूथ संख्या 213 – 440 नं. नागोलदुआ मकतब (पश्चिमी भाग)
  • बूथ संख्या 214 – 241 नं. अशीगढ़ मकतब (पूर्वी भाग)
  • बूथ संख्या 215 – 241 नं. अशीगढ़ मकतब (पश्चिमी भाग)
  • बूथ संख्या 220 – पुठीखाइती एलपी स्कूल (पूर्वी भाग)
  • बूथ संख्या 221 – पुठीखाइती अब्दुल हय गर्ल्स एमकेबी
  • बूथ संख्या 222 – पुठीखाइती एलपी स्कूल (पश्चिमी भाग)
  • बूथ संख्या 223 – पुठीखाइती एलपी स्कूल (उत्तरी भाग)
  • बूथ संख्या 229 – तेलिया चापोरी टूप आदर्श एमईएम
  • बूथ संख्या 121 – गोरेमाटिकुआ एलपी स्कूल
  • बूथ संख्या 122 – गोरेमाटिकुआ एलपी स्कूल
  • बूथ संख्या 124 – बरघाट एमई स्कूल (पब्लिक)
  • बूथ संख्या 125 – बरघाट एमई स्कूल (दक्षिण)
  • बूथ संख्या 126 – बरघाट एमई स्कूल (पश्चिम)
  • बूथ संख्या 127 – बरघाट एमई स्कूल (पश्चिम/पश्चिमी भाग)

उल्लेखनीय है कि नगांव लोकसभा उपचुनाव में 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था और 76.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार आठों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा तथा कुछ मतदान केंद्रों पर मामूली ईवीएम संबंधी तकनीकी दिक्कतों को मशीन बदलकर दूर कर दिया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने 7 अक्टूबर को कहा कि सामान्य पर्यवेक्षक के आकलन के अनुसार किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं है। ऐसे में कांग्रेस की ओर से लगाए गए धांधली के आरोप और पुनर्मतदान की मांग अब चुनाव आयोग के समक्ष जांच का विषय है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार शिवामणि बोरा और नगांव जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रुनुमनि बरा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *