गोरखपुर-डिब्रूगढ़ के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू, पूर्वोत्तर के यात्रियों को बड़ी राहत
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
छठ पूजा और दीपावली के मद्देनजर रेलवे ने उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए गोरखपुर और डिब्रूगढ़ के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 05977/05978 गोरखपुर-डिब्रूगढ़ स्पेशल के संचालन से उत्तर लखीमपुर, धेमाजी और डिब्रूगढ़ सहित पूर्वोत्तर के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।
गोरखपुर से डिब्रूगढ़
ट्रेन संख्या 05977 (GKP-DBRG स्पेशल) प्रत्येक गुरुवार रात 9:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे डिब्रूगढ़ पहुंचेगी।
ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में देवरिया सदर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया, नौगछिया, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचबिहार, कोकराझार, न्यू बोंगाईगांव, रंगिया, रंगापारा नॉर्थ, विश्वनाथ चारआली, हरमुती, नॉर्थ लखीमपुर और धेमाजी शामिल हैं।
डिब्रूगढ़ से गोरखपुर
वापसी में ट्रेन संख्या 05978 (DBRG-GKP स्पेशल) प्रत्येक बुधवार सुबह 8:45 बजे डिब्रूगढ़ से रवाना होगी और अगले दिन शाम 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में ट्रेन धेमाजी, नॉर्थ लखीमपुर, हरमुती, रंगापारा, न्यू मिसामारी, रंगिया, न्यू बोंगाईगांव, कोकराझार, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, छपरा और सीवान सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन में स्लीपर (SL) और थर्ड एसी (3A) श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे। यह ट्रेन लगभग 1,478 किलोमीटर की दूरी करीब 34 घंटे में तय करेगी।
छठ पूजा और दीपावली के दौरान उत्तर प्रदेश तथा पूर्वोत्तर के बीच यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए इस ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

