अग्रबंधु समन्वय महोत्सव का समापन, एक मंच पर जुटीं पांच अग्रवाल संस्थाएं,महाराजा अग्रसेन जयंती पर सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, सात विभूतियों को विभिन्न सम्मानों से नवाजा गया

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 26 अक्टूबर। महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘अग्रबंधु समन्वय महोत्सव 2026’ का रविवार को भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। अग्रवाल सभा, महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट, अग्रवाल युवा परिषद एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पांच अग्रवाल संस्थाओं की इस संयुक्त पहल ने समाज में आपसी भाईचारे, संगठनात्मक एकता और सेवा भावना का संदेश दिया।

महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को ‘अग्र वंदना’ एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ था। इस कार्यक्रम में सरोज जालान, पुष्पा खेमका, स्वाति अग्रवाल एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। महोत्सव के दौरान सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। प्रदीप भुवालका के संयोजन में चार अलग-अलग दिनों में चार स्थानों पर जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित किया गया। इसी क्रम में 25 अक्टूबर को मारवाड़ी हॉस्पिटल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 30 यूनिट रक्त संग्रह हुआ।

महोत्सव का मुख्य समारोह रविवार, 25 अक्टूबर को गुवाहाटी के होटल विश्वरत्न में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल उपस्थित थे। अपने संबोधन में उन्होंने अग्रवाल समाज द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने युवा पीढ़ी से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, संस्कारों के संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात विभूतियों का सम्मान रहा। इस अवसर पर सांवरमल खेतावत को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, रमेश गोयनका को अग्र रत्न सम्मान, अनिल कुमार जालान को अग्र भूषण सम्मान, संतोष बंका को अग्र गौरव सम्मान, प्रदीप भुवालका को अग्र सेवा सम्मान, डॉ. सीए आयुष सराफ को अग्र उदय सम्मान तथा बांसुरी पोद्दार को अग्र प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सम्मानित विभूतियों के योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया।

समारोह के दौरान महेंद्र गौर एवं उनकी टीम ने रामलीला का आकर्षक मंचन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन के जीवन, आदर्शों एवं समाजोपयोगी विचारों पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन शेखर जाजोदिया एवं कियत्ता अग्रवाल ने किया।

महोत्सव के संयोजक सुजीत बुखरेडिया एवं पूनम अग्रवाल ने आयोजन की विभिन्न गतिविधियों का समन्वय किया। महोत्सव की सफलता में पवन जाजोदिया, मनोज जालान, विजय अग्रवाल, रंजन अग्रवाल, स्वाति अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, विनोद लोहिया, प्रदीप भुवालका, रतन अग्रवाल, सुशील जालान, अरविन्द सराफ, राहुल चमरिया एवं विवेक सांगानेरिया का विशेष योगदान रहा।

आयोजकों के अनुसार, अग्रबंधु समन्वय महोत्सव का उद्देश्य समाज की विभिन्न संस्थाओं को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय बढ़ाना तथा सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना था। महोत्सव के माध्यम से सामूहिक प्रयासों द्वारा समाजहित में कार्य करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *