हिमंत विश्व शर्मा का कांग्रेस पर तंज, बोले- ‘डर मापने वाली मशीन’ की तकनीक हमें भी बताएं, दिल्ली में विपक्ष की प्रस्तावित रैली से पहले ‘आलू से सोना’ वाले बयान का भी किया जिक्र
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 31 अक्टूबर। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी से कथित ‘डर मापने वाली मशीन’ की तकनीक साझा करने को कहा है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कांग्रेस के चर्चित ‘आलू से सोना’ वाले बयान का भी जिक्र किया। सरमा की यह टिप्पणी दिल्ली के रामलीला मैदान में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन की प्रस्तावित रैली से एक दिन पहले आई है।
मुख्यमंत्री ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जब भी कांग्रेस के पास तर्क और दलीलें खत्म हो जाती हैं, तो वह अपने पसंदीदा जुमले ‘ये डर गए’ का इस्तेमाल करने लगती है।
कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने व्यंग्य किया कि आखिर पार्टी किस उपकरण से किसी व्यक्ति के डर का स्तर मापती है? उन्होंने सवाल किया कि क्या यह वही मशहूर ‘आलू से सोना बनाने वाली मशीन’ है या कांग्रेस ने कोई नई तकनीक विकसित कर ली है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तकनीक को साझा करे, ताकि वे भी पता लगा सकें कि कौन कितना डरा हुआ है।
शर्मा ने अपनी पोस्ट के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार एक व्यंग्यात्मक तस्वीर भी साझा की। इसमें आलू को कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सोने की प्रतिमाएं बनाने वाली फैक्ट्री दिखाई गई है। तस्वीर में डर का स्तर मापने के लिए एक अलग मीटर भी दर्शाया गया है।
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन तथा चुनाव आयोग के बीच जारी टकराव के बीच आई है।
शनिवार को इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ आयोजित किया था। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि देश में मतदान का अधिकार खतरे में है और निर्वाचन आयोग केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर काम कर रहा है।
रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली के जरिए विपक्षी गठबंधन एसआईआर की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना अभियान और तेज करने की तैयारी में है।

