हास्य-व्यंग्य की फुहारों से गूंज उठा गौशाला परिसर, नामचीन कवियों ने बांधा समां, गोपाष्टमी मेले में देर रात तक लगे हंसी के ठहाके, आठगांव एवं मालीगांव गौशाला में गौ पूजन कल
गुवाहाटी, 16 नवंबर। महानगर के आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में आयोजित तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले के दूसरे दिन सोमवार की शाम हास्य, व्यंग्य और काव्य रस से सराबोर रही। गौशाला परिसर में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में देश के जाने-माने कवियों ने अपनी रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर देर रात तक हंसी के ठहाकों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कवि सम्मेलन के संयोजक शंकर बिड़ला की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन सुप्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल ने किया। कवि सम्मेलन में अनिल अग्रवंशी, सुदीप भोला और डॉ. भुवनी मोहन ने अपनी विशिष्ट काव्य शैली और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।

दिल्ली से आए हास्य-व्यंग्य कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल ने मानवीय गुणों और व्यक्तित्व की महानता को रेखांकित करते हुए अपनी इन पंक्तियों से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी—
“खरे करता है सारे काम, कुछ खोटा नहीं करता,
अहम का अपने चारों ओर परकोटा नहीं करता।
बड़ा है आदमी सच में वही किरदार से अपने,
जो अपने सामने वाले का कद छोटा नहीं करता।”
वहीं दिल्ली से आए कवि अनिल अग्रवंशी ने बेटियों की प्रतिभा और उनकी असीम संभावनाओं को अपनी कविता के माध्यम से अभिव्यक्त करते हुए कहा—
“इसे बेटा बना पालो, तो इतिहास छू लेगी,
करो विश्वास बेटी पर, तो विश्वास छू लेगी।
कभी जीवन में बेटी को नजरअंदाज मत करना,
जरा से पंख जो खोलोगे, तो आकाश छू लेगी।”
जबलपुर से आए हास्य कवि सुदीप भोला ने मोबाइल और सोशल मीडिया की बढ़ती लत पर चुटीला कटाक्ष करते हुए श्रोताओं को खूब हंसाया। उनकी इन पंक्तियों पर जमकर ठहाके लगे—
“पापा ने हैप्पी बर्थडे पर मोबाइल दिलवाया था,
ऑनलाइन हो गई पढ़ाई, किश्तों पर मंगवाया था।
पढ़ो बेटियों, बढ़ो बेटियों, उन्होंने मन में ठाना था,
दुनिया कर लेगी मुट्ठी में, दुनिया को दिखलाना था।
उसी मोबाइल से वो लड़की इंस्टाग्राम चलाती है,
पढ़ती नहीं, पढ़ाती है, दिनभर रील बनाती है।”
कवियों ने हास्य-व्यंग्य के माध्यम से समसामयिक विषयों, सामाजिक विसंगतियों और जीवन के विभिन्न पहलुओं को बड़े ही रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। एक ओर उनकी चुटीली रचनाओं पर श्रोता ठहाके लगाते रहे, वहीं दूसरी ओर भावपूर्ण एवं ओजस्वी काव्य प्रस्तुतियों ने लोगों को सोचने पर भी मजबूर किया। मेले के धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण के बीच कवि सम्मेलन ने साहित्य और मनोरंजन का एक अलग ही रंग भर दिया।
इससे पूर्व मेले के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में शहरवासी सपरिवार गौशाला पहुंचे। लोगों ने गौसेवा के साथ मेले का भरपूर आनंद उठाया। बच्चों में विभिन्न प्रकार के झूलों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं खानपान के स्टॉलों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ी।
आठगांव एवं मालीगांव गौशाला में गौ पूजन कल
तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले के अंतिम दिन मंगलवार को आठगांव एवं मालीगांव स्थित गौशाला में गौ पूजन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गौभक्त गौशाला पहुंचकर गौमाता का पूजन करने के साथ गायों को हरी घास खिलाकर गौसेवा का लाभ उठा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि श्री गौहाटी गौशाला की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला गोपाष्टमी मेला धार्मिक आस्था, गौसेवा, सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मनोरंजन का सुंदर संगम है। इस वर्ष भी मेले को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

