असम में HSLC परीक्षा 2027 की लिखित परीक्षाएं 25 फरवरी से, प्रायोगिक परीक्षा 27 जनवरी से

थर्ड आई न्यूज

10 मिनट पहले प्रश्नपत्र पढ़ने का मिलेगा अतिरिक्त समय; सुबह और दोपहर की दो पालियों में होंगी परीक्षाएं

गुवाहाटी, 19 नवंबर। असम राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड (ASSEB), डिवीजन-I ने हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (HSLC) परीक्षा 2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, लिखित परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होकर 16 मार्च तक चलेंगी। वहीं, प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन 27 जनवरी से 2 फरवरी तक किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री रानोज पेगू ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी साझा की। बोर्ड ने 19 नवंबर को जारी अधिसूचना में बताया है कि लिखित परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र हिंदी का होगा। इसके बाद विभिन्न विषयों की परीक्षाएं सुबह और दोपहर की पालियों में आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड के अनुसार, सुबह की पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर की पाली की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। सुबह की पाली में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को सुबह 8:15 बजे तक तथा दोपहर की पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 12:45 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।

परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए परीक्षा शुरू होने से पहले 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। सुबह की पाली में यह समय 8:50 से 9 बजे तक और दोपहर की पाली में 1:20 से 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में प्रश्नपत्र केवल परीक्षा केंद्र के प्रभारी अधिकारी द्वारा ही वितरित किए जाएंगे।

भाषा और अन्य विषयों की परीक्षा के लिए विशेष निर्देश :
ऐच्छिक भाषा विषयों में असमिया, हिंदी, संथाली और मणिपुरी के परीक्षार्थियों के लिए ग्रुप ए और ग्रुप बी का एक ही प्रश्नपत्र होगा। ग्रुप ए के परीक्षार्थियों को भारतीय भाषा (IL) श्रेणी के अंतर्गत माना जाएगा।

बोर्ड ने यह भी निर्देश दिया है कि अंग्रेजी, सामान्य गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षा में परीक्षार्थियों को वस्तुनिष्ठ और वर्णनात्मक, दोनों खंडों के उत्तर अलग-अलग देने होंगे। इन दोनों खंडों में उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।

27 जनवरी से होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं :
HSLC 2027 की प्रायोगिक परीक्षाएं 27 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को नियुक्त रिसोर्स पर्सन्स (RP) और बाहरी परीक्षकों (External Examiners) के साथ समन्वय स्थापित कर प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथि और समय-सारिणी अंतिम रूप से तय करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *