असम में HS अंतिम परीक्षा 2027 की परीक्षाएं 12 मार्च से, 5 अप्रैल तक चलेगा लिखित परीक्षा का दौर

थर्ड आई न्यूज

ASSEB ने जारी की समय-सारिणी; प्रायोगिक परीक्षाएं 18 जनवरी से दो चरणों में होंगी

गुवाहाटी, 19 नवंबर। असम राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड (ASSEB), डिवीजन-II (पूर्ववर्ती AHSEC) ने उच्चतर माध्यमिक (HS) अंतिम परीक्षा 2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जारी समय-सारिणी के अनुसार, लिखित परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक चलेंगी। परीक्षाएं सुबह और दोपहर की दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड के कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह की पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर की पाली की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी।

परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र 12 मार्च को अंग्रेजी का होगा। इसके बाद 13 मार्च को एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट और 15 मार्च को आधुनिक भारतीय भाषा (MIL)/वैकल्पिक अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

समय-सारिणी में अर्थशास्त्र, बिजनेस स्टडीज, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, अकाउंटेंसी, राजनीति विज्ञान, भूगोल, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, सांख्यिकी, कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन, मल्टीमीडिया एंड वेब टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है। इसके अलावा कौशल आधारित विषयों की परीक्षाएं भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी।

जनवरी में होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं :
बोर्ड ने कौशल विषयों की प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए भी कार्यक्रम जारी किया है। 50 अंकों वाले कौशल विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं 18 से 24 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, 30 अंकों वाले विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं 27 से 30 जनवरी तक संबंधित शिक्षण संस्थानों में होंगी।

असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू ने सोशल मीडिया के माध्यम से परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी साझा की है। बोर्ड ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे विषयवार परीक्षा तिथियों और अन्य आवश्यक निर्देशों के लिए आधिकारिक समय-सारिणी का अवलोकन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *