नगांव गुरुद्वारा में श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया 557वां गुरु नानक प्रकाश पर्व, गुरुबाणी कीर्तन, कथा-प्रवचन और गुरु के लंगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

फौजदारी पट्टी स्थित नगांव गुरुद्वारा में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का गुरुद्वारा पहुंचना शुरू हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अखंड पाठ साहिब के समापन के साथ हुई। इसके बाद सजे कीर्तन दरबार में रागी जत्थे ने गुरुबाणी के मधुर शबद-कीर्तन से संगत को निहाल किया। कथा-प्रवचन के दौरान ज्ञानी किशन सिंह और गुरुद्वारा के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह साहनी ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके संदेश पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश देकर समाज को सच्चाई, परिश्रम, सेवा, समानता और आपसी भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी मानव समाज को एकता और सद्भाव के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती हैं।

इस अवसर पर उपस्थित कई गणमान्य व्यक्तियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद देवाशीष शर्मा ने भी गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु घर का आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व सभापति देवेंद्र सिंह सहमी, कोषाध्यक्ष हरभजन सिंह राजपाल, तरलोक सिंह, सचिव हरदर्शन सिंह ‘अरि’, गुरप्रीत सिंह सहमी, ज्ञानी शेर सिंह, हरमीत सिंह सहित कमेटी के सदस्यों और महिला संगत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दोपहर में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ विभिन्न धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि गुरु पर्व के अवसर पर विशेष दीवान, नगर कीर्तन और विभिन्न सेवा कार्यों का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नगांव के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संगत ने क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *