भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी का भव्य समारोह दिल्ली में आयोजित करने का सुझाव PM मोदी ने दिया: हिमंत
थर्ड आई न्यूज
29 नवंबर को भारत मंडपम में होगा विशेष सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे मुख्य अतिथि
गुवाहाटी, 27 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के महान गायक, संगीतकार और भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी में भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी वर्ष के समारोहों का शुभारंभ करने के लिए अपने दौरे के दौरान यह सुझाव दिया था। इसी के तहत आगामी 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम में असम के कलाकारों के साथ देशभर के प्रतिष्ठित संगीतकार और गायक भी हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ना और भूपेन हजारिका के संगीत के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक समन्वय स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, कार्यक्रम की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि असम के कलाकारों को भी देश के प्रसिद्ध और लोकप्रिय संगीतकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन असम और शेष भारत के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव का एक यादगार उदाहरण बनेगा।
डॉ. भूपेन हजारिका के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने संगीत को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं माना, बल्कि समाज की समस्याओं और जरूरतों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम बनाया। उनके गीतों में देशभक्ति, जातिगत भेदभाव, सामाजिक समानता और युवाओं से जुड़े मुद्दों की झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि भूपेन हजारिका की आवाज और उनकी रचनाएं अपने आप में अनूठी थीं तथा उन्होंने हमेशा समाज के लिए गाया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने हाल ही में भारत मंडपम जाकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध गायिका कविता कृष्णमूर्ति और असम के अन्य कलाकारों से भी मुलाकात की। उन्होंने रिहर्सल और आयोजन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए 29 नवंबर के कार्यक्रम को यादगार संगीत संध्या बनाने की उम्मीद जताई।
उल्लेखनीय है कि असम में डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी के अवसर पर वर्षभर विभिन्न सांस्कृतिक और स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दिल्ली में होने वाला यह विशेष आयोजन उनके संगीत, साहित्य और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर याद करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

