alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

होजाई में पीएम मोदी की विशाल रैली, असम में भाजपा-एनडीए की ‘हैट्रिक’ का भरोसा

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मूँदड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत होजाई जिले के श्रीमंत शंकरदेव नगर स्थित खेल मैदान में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाजपा-एनडीए के पक्ष में जोरदार चुनावी प्रचार किया। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य में तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनने का दावा किया।

प्रधानमंत्री ने होजाई से शिलादित्य दे, लामडिंग से शिबू मिश्रा, पश्चिम कार्बी आंगलोंग से तुलीराम रोहांग, हाफलॉन्ग से रूपाली लांगतासा सहित विभिन्न क्षेत्रों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने सभा में उमड़ी भीड़ को अभूतपूर्व जनसमर्थन बताते हुए कहा कि यह सभी उम्मीदवारों की बड़ी जीत का संकेत है।

अपने संबोधन में मोदी ने “विकसित असम और विकसित भारत” के विजन को दोहराते हुए कहा कि हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य में तेज़ी से विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक 22 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए जा चुके हैं और आने वाले समय में 15 लाख और परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में तीन लाख से अधिक “लखपति दीदियां” तैयार हो चुकी हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि अब असम की पहचान केवल चाय तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सेमीकंडक्टर उद्योग के माध्यम से आधुनिक तकनीक का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पार्टी सत्ता के लिए समाज को बांटने की राजनीति करती है और सीमित परिवारों के हितों तक सिमट गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए सरकार किसानों, आदिवासियों और वनभूमि की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से 9 अप्रैल को होने वाले मतदान में भाजपा उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंच पर पिजूष हजारीका, सांसद कामाख्या तासा, जिला अध्यक्ष दिलीप धार, विधायक रामकृष्ण घोष सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।

सभा में एक लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति बताई गई, जिसे देखकर प्रधानमंत्री भी अभिभूत नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *