श्री गौहाटी गौशाला में तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले का शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कल हास्य कवि सम्मेलन में गूंजेंगे हंसी के ठहाके

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 15 नवंबर। पूर्वोत्तर के प्राचीनतम मेलों में शुमार तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले का रविवार को आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला परिसर में उत्साह एवं उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सपरिवार शिरकत की। धार्मिक आस्था, गौसेवा, आकर्षक विद्युत सजावट और पारिवारिक मनोरंजन के सुंदर संगम ने मेले की रौनक बढ़ा दी है।

गोपाष्टमी मेले का विधिवत उद्घाटन श्री गौहाटी गौशाला के चेयरमैन कैलाश लोहिया, ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका, कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष रमेश गोयनका एवं मंत्री रामस्वरूप जोशी ने ट्रस्टियों तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्यों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर किया। उल्लेखनीय है कि श्री गौहाटी गौशाला पिछले 110 वर्षों से गोपाष्टमी मेले के आयोजन की परंपरा का निर्वहन करती आ रही है।

इस बार मेले का विशेष आकर्षण सोमवार को आयोजित होने वाला अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन है। शाम 7:30 बजे से गौशाला परिसर में आयोजित होने वाले इस कवि सम्मेलन में देश के ख्यातिप्राप्त कवि डॉ. प्रवीण शुक्ला, अनिल अग्रवंशी, सुदीप भोला एवं डॉ. भुवानी मोहन अपनी हास्य रचनाओं और व्यंग्य बाणों से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। कवि सम्मेलन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मेले के पहले दिन रविवार होने के कारण सुबह से ही लोगों का आना-जाना शुरू हो गया था। शाम होते-होते समूचा गौशाला परिसर लोगों से गुलजार हो उठा। आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगाते गौशाला परिसर की छटा देखते ही बन रही थी। बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, स्वादिष्ट एवं चटपटे व्यंजनों के स्टॉल तथा घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। दिल्ली और कोलकाता के ख्यातिप्राप्त कारीगरों द्वारा तैयार विभिन्न व्यंजनों का भी लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों में मेले को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

धार्मिक आस्था और गौसेवा की भावना से जुड़े इस मेले में श्रद्धालुओं के लिए गौमाता को हरी घास खिलाने की विशेष व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गौसेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मेले के पहले दिन उमड़ी भीड़ को देखते हुए सोमवार और मंगलवार को और अधिक संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर गौशाला प्रबंधन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से भी मेला परिसर में जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई है।

गोपाष्टमी मेले के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए श्री गौहाटी गौशाला के ट्रस्टी, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न उपसमितियों के संयोजक एवं कार्यकर्ता पूरे समर्पण भाव से दिन-रात जुटे हुए हैं।

गुवाहाटी की एक सदी से भी अधिक पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक यह गोपाष्टमी मेला गौसेवा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक मेल-मिलाप और पारिवारिक मनोरंजन का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *