alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

जोरहाट में पवित्रा मार्घेरिटा का पलटवार, पवन खेड़ा के आरोपों को बताया निराधार

थर्ड आई न्यूज़

जोरहाट से नीरज खंडेलवाल

असम में चुनावी सरगर्मी के बीच जोरहाट में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्घेरिटा ने कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा की पत्नी रिनिकी भुयाँ शर्मा को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और राजनीतिक साजिश करार दिया।

अपने संबोधन में मंत्री मार्घेरिटा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा “तीन देशों के पासपोर्ट” और विदेशी संपत्तियों जैसे आरोपों को तथ्यहीन तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है ताकि विकास के मुद्दों से ध्यान हटाया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि “पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है। कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए काल्पनिक मुद्दे गढ़ रही है।”

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है और आने वाले समय में इसे और गति दी जाएगी।

उन्होंने जोरहाट और तिताबर क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति विकास, स्थिरता और पारदर्शिता पर आधारित है, जबकि कांग्रेस चुनाव के समय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझ जाती है।

मंत्री मार्घेरिटा ने विश्वास जताया कि जोरहाट और तिताबर के मतदाता इस बार भी भाजपा का समर्थन करेंगे। उन्होंने तिताबर से भाजपा उम्मीदवार धीरज गोवाला के पक्ष में समर्थन की अपील करते हुए दावा किया कि नाजिरा विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा मजबूत स्थिति में है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कांग्रेस से सकारात्मक राजनीति करने और जनता के सामने वास्तविक मुद्दों को रखने की अपील की। उनके इस बयान से क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *