“पहले मतदान, फिर रक्तदान” के संकल्प के साथ मारवाड़ी सम्मेलन का सफल शिविर, 30 यूनिट रक्त संग्रहित
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा द्वारा “पहले मतदान, फिर रक्तदान” के संकल्प के साथ मारवाड़ी हॉस्पिटल में एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल में समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 30 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
रक्तदान एवं नेत्रदान संयोजक बजरंग सुराणा ने बताया कि शिविर की विशेष उपलब्धि ‘नेगेटिव’ ब्लड ग्रुप का संग्रह रहा, जो दुर्लभ श्रेणी में आता है और आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी होता है।
शिविर के सफल संचालन में माखन लाल अग्रवाल और बिनोद कुमार जिंदल की भूमिका उल्लेखनीय रही। उन्होंने रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए उनके इस निस्वार्थ योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने कहा कि रक्तदान महादान के समान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि यह किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
कार्यक्रम की सफलता में मारवाड़ी सम्मेलन के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों का सक्रिय सहयोग रहा, जिनमें कैलाश काबरा, रमेश कुमार चांडक, विनोद कुमार लोहिया, मनोज काला, सुशील गोयल, प्रदीप भुवालका, सूरज सिंघानिया, नरेंद्र सोनी, विवेक सांगानेरिया सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
मारवाड़ी हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से अतिथियों का पारंपरिक फुलाम गमोछा पहनाकर सम्मान किया गया। अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने भी पूरे आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">