Asha Bhosle Death News: कल होगा आशा भाेसले का अंतिम संस्कार, अक्षय और आमिर समेत पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
थर्ड आई न्यूज
मुंबई I तमाम फिल्मी गानों को अपनी मखमली आवाज से सजाने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले नहीं रहीं। उन्होंने 92 साल की उम्र में आज रविवार 12 अप्रैल को दुनिया को अलविदा कह दिया है। आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने इस खबर की पुष्टि की है। गायिका का जाना सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। फैंस गमगीन हैं। सिनेमाई दुनिया में शोक है। उनका अंतिम संस्कार कल सोमवार को होगा।
सिंगर शंकर महादेवन ने आशा भोसले के योगदान को किया याद :
गायिका श्रेया घोषाल और शंकर महादेवन ने भी आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। संगीत जगत में दिए गए उनके योगदान को याद किया। आशा ताई के जाने से दोनों काफी दुखी हैं।
कल अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा आशा भोसले का पार्थिव शरीर :
आशा भोसले का पार्थिव शरीर आज शाम 5-6 के बीच हॉस्पिटल से उनके लोअर परेल के घर कासा ग्रांडे (Casa Grande) ले जाया जाएगा। कल सुबह 11 से 3 बजे तक पार्थिव उनके घर पर ही अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल शाम 4-5 बजे दादर के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
संजय दत्त ने आशा भोसले के साथ की पुरानी यादों को किया साझा :
आशा भोसले के निधन पर अभिनेता संजय दत्त भी गमगीन हैं। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने आशा भोसले और उनकी संगीत यात्रा को याद किया है।
सोहा अली खान ने दी श्रद्धांजलि :
सोहा अली खान ने आशा भाेसले और मां शर्मीला टैगोर की साथ में एक पुरानी तस्वीर साझा की है। आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी है।
म्यूजिक डायरेक्टर निखिल कामथ ने आशा भोसले के बारे में साझा की खास बात :
म्यूजिक डायरेक्टर निखिल कामथ दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर दुखी हैं। वह उनके बारे में कहते हैं, ‘आशा जी हमेशा सीखने वाली थीं, चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों। जब मैं आशा भोसले को याद करता हूं, तो सबसे पहले उनकी सीखने की ललक याद आती है। इतनी बड़ी आर्टिस्ट होने के बावजूद वो हर गाने को ऐसे लेती थीं जैसे पहली बार गा रही हों। पहले कहती थीं, मुझे गाना सिखाओ। स्टार, बैनर जैसी चीजों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता था।’
आमिर खान ने भी आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि :
आमिर खान ने भी आशा भोसले को दी भावभीनी श्रद्धांजलि। संगीत जगत में उनके योगदान को याद किया I
अभिनेता अदिवि शेष ने किया आशा भोसले को याद :
अभिनेता अदिवि शेष, आशा भोसले के निधन की खबर सुनकर हुए दुखी। एक्टर ने उनके गीतों और संगीत जगत में दिए गए योगदान को याद किया।
कंगना रनौत और करण जौहर ने दी श्रद्धांजलि :
अभिनेत्री कंगना रनौत और प्रोड्यूसर करण जौहर ने भी गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक जाहिर किया। साथ ही उन्हें श्रद्धांजलि भी दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वह लिखते हैं, ‘भारत की सबसे जानी-मानी और बहुमुखी आवाजों में से एक, श्रीमती आशा भोसले जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दशकों तक फैली उनकी अनोखी संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है और दुनिया भर में अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ है। दिल को छू लेने वाली धुनों से लेकर जोशीली रचनाओं तक, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी। उनके साथ हुई बातचीत की यादों को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी, और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।’
हेमा मालिनी बोलीं- ‘मेरी कामयाबी में उनका योगदान बहुत बड़ा रहा है’ :
आशा भोसले के निधन पर हेमा मालिनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा कर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है, ‘आशा ताई अब नहीं रहीं! मुझे तो यकीन ही नहीं हो रहा कि कोई इतनी जिंदादिल इंसान, जिसने अपने गानों में इतनी जान और अंदाज भर दिया था, हमें यूं अकेला छोड़कर चली गईं। यह मेरे लिए खासकर बहुत मुश्किल है, क्योंकि आशा जी के साथ मेरा एक गहरा जज्बाती जुड़ाव था। उन्होंने अपनी अनोखी आवाज और अंदाज से मेरे कई गानों को बेहद मशहूर बना दिया था। लता जी और आशा जी, दोनों के साथ मेरा बहुत ही खास रिश्ता था। फिल्म इंडस्ट्री में मेरी कामयाबी में उन दोनों का योगदान बहुत बड़ा रहा है’।
एआर रहमान बोले- ‘वे हमेशा जिंदा रहेंगी’ :
आशा भोसले के निधन पर एआर रहमान ने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा कर श्रद्धांजलि दी है। उ्न्होंने लिखा है, ‘वे अपनी आवाज और आभा के जरिए हमेशा जीवित रहेंगी। क्या कमाल की कलाकार थीं’।
अनूप जलोटा बोले- ‘एक लीजेंड का अंत हुआ है’ :
मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा ने आशा भोसले को याद किया। उन्होंने दिग्गज गायिका के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ‘आशा जी का निधन बहुत दुखद है। एक लीजेंड का अंत हुआ है। उनकी पूरी जिंदगी और उनकी जर्नी हम सबके लिए एक मिसाल है। लता जी और आशा जी दोनों ही एक स्कूल की तरह हैं। ये कभी खत्म नहीं होंगे। इन्होंने अपने पीछे एक पूरी यूनिवर्सिटी छोड़ दी है। जो भी गाना सीखेगा, वो यही सोचेगा कि लता जी जैसा गाऊं या आशा जी जैसा गाऊं।
संगीतकार मिलिंद बोले- ‘वे एक फाइटर थीं’:
म्यूजिशियन मिलिंद ने आशा भोसले के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, ‘ये पल बहुत भावुक है। मतलब, वे इतने दशकों से सक्रिय थीं। उनका मेरे पिताजी के साथ भी गहरा जुड़ाव रहा है और उन्होंने उनके लिए कई यादगार गाने गाए थे। बाद में उन्होंने हमारे लिए भी गाने गाए, हमारी जोड़ी आनंद मिलिंद के साथ भी उनका काम रहा। हमारा रिश्ता आशा आंटी, लता मंगेशकर आंटी और पूरे परिवार के साथ पिछले पचास साल से भी ज्यादा पुराना है। ये सिर्फ प्रोफेशनल रिश्ता नहीं था, बल्कि पारिवारिक रिश्ता था। उन्होंने आगे कहा, ‘वे हमेशा एक फाइटर रहीं, इसलिए दिल मानने को तैयार नहीं होता कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन उनकी आवाज, उनकी यादें और उनका प्यार हमेशा हमारे साथ रहेगा। दो शब्द में कहूं तो वे फाइटर और परफेक्शनिस्ट थीं’।
किस वजह से हुआ आशा भोसले का निधन?
दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन मल्टी ऑर्गन फेलियर के चलते हुआ है। डॉ. प्रतीत समदानी ने यह जानकारी दी है।
अक्षय कुमार बोले- ‘उनकी सुरीली आवाज हमेशा अमर रहेगी’ :
अभिनेता अक्षय कुमार ने आशा भोसले के साथ सोशल मीडिया पर एक फोटो साझा करते हुए श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है, ‘उनकी सुरीली आवाज हमेशा अमर रहेगी’।
जुबीन नौटियाल बोले- ‘लाखों गीतों की धड़कन थम गई’ :
सिंगर जुबीन नौटियाल ने आशा भोसले के निधन पर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा कर लिखा है, ‘वो आवाज, जिसने कभी खामोशी को रूह में बदल दिया था, अब खुद खामोशी बन गई है। आशा भोसले के गुजर जाने से, दुनिया ने सिर्फ एक गायिका को ही नहीं खोया है, बल्कि एक दौर, एक एहसास और एक ऐसी धड़कन को खो दिया है, जो लाखों गीतों के भीतर धड़कती थी। उनकी आवाज सिर्फ सुनी ही नहीं जाती थी, बल्कि उसे महसूस किया जाता था। दिल टूटने पर, प्यार में, तड़प में और जश्न के मौकों पर। कई पीढ़ियां सिर्फ उन्हें सुनकर ही बड़ी नहीं हुईं, बल्कि उनके गीतों के जरिए भावनाओं को महसूस करते हुए बड़ी हुईं। संगीत की शाश्वत गोद में उन्हें शांति मिले। परिवार के लिए प्रार्थनाएं। हर हर महादेव’।
ललित पंडित बोले- ‘एक लीजेंड को हम खो बैठे’ :
संगीत निर्देशक ललित पंडित ने आशा भोसले के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘सच में, एक लीजेंड को हम खो बैठे। पीछे मुड़कर देखते हैं तो लगता है कि उन्होंने क्या-क्या कमाल का काम किया है, उसे बयां करने के लिए शब्द ही नहीं हैं’। ललित पंडित ने कहा, ‘आशा भोसले उस दौर की गोल्डन लेडी थीं। उन्होंने जितना काम किया है, उतना करना बहुत मुश्किल है। मैंने उनके साथ बहुत सारे गाने गाए हैं। बचपन में, एक चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर भी उनके साथ गाने गाने का मौका मिला था। ‘परिचय’, ‘अपना देश’ और बहुत सारी फिल्मों में हमने साथ काम किया’।
कल होगा गायिका का अंतिम संस्कार :
आशा भोसले का अंतिम संस्कार कल सोमवार को होगा। गायिका का पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे लोअर परेल में उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। शाम 4 बजे दादर के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यही वही जगह है, जहां उनकी बहन लता मंगेशकर का भी अंतिम संस्कार हुआ था।
नीतू सिंह ने दी श्रद्धांजलि :
आशा भोसले के निधन के बाद इंडस्ट्री में मातम पसरा है। सोशल मीडिया पर लोग दिग्गज गायिका को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
कल होगा आशा भाेसले का अंतिम संस्कार, अक्षय और आमिर समेत पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि :
खनकती आवाज की धनी, लोकप्रिय गायिका भोसले नहीं रहीं। थकान और सीने में संक्रमण के चलते उन्हें बीते दिन शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके बीमार होने की खबर सुनकर प्रशंसक चिंतित थे और दुआएं कर रहे थे। गायिका के घर से लेकर अस्पताल के बाहर तक, उन्हें चाहने वालों की भीड़ जुटने लगी। सभी को आस थी कि गायिका स्वस्थ होकर घर लौटेंगी, मगर यह आस टूट गई। आज 12 अप्रैल को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">