जन्मदिन बना सेवा का उत्सव: वैष्णवी सांगानेरिया ने पेश की अनुकरणीय मिसाल
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देते हुए डालूराम बाबूलाल सांगानेरिया सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सांगानेरिया (चंदू) ने अपनी सुपुत्री वैष्णवी सांगानेरिया का जन्मोत्सव सेवा और संस्कारों के साथ मनाकर समाज के समक्ष एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। तीन दिवसीय कार्यक्रमों के माध्यम से जन्मदिन को उत्सव के साथ-साथ सेवा के संदेश में रूपांतरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पहले दिन श्री बालाजी एवं श्याम बाबा के भव्य कीर्तन और प्रसाद वितरण से हुई। दूसरे दिन माँ कामाख्या मंदिर में 21 कन्याओं का पूजन कर उन्हें ससम्मान भोजन प्रसाद कराया गया। तीसरे दिन हटीगांव स्थित विद्या आश्रम ओल्ड एज होम में लगभग 75 वृद्धजनों को स्नेहपूर्वक बैठाकर भोजन कराया गया। इस अवसर पर महिलाओं को मेखला-चादर और पुरुषों को वस्त्र भेंट किए गए। विद्या आश्रम प्रबंधन द्वारा भी आगंतुकों का सम्मान किया गया।
विशेष बात यह रही कि वैष्णवी ने स्वयं अपने हाथों से बुजुर्गों को भोजन परोसा, मिष्ठान खिलाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। तीन दिनों तक चले इन सेवा कार्यों में मिले सैकड़ों आशीर्वादों ने इस जन्मदिन को सार्थक बना दिया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद भुवनेश्वर कलिता ने भी वैष्णवी के निवास पर पहुंचकर उन्हें फुलम गमछा पहनाकर अभिनंदित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में हारे का सहारा फाउंडेशन के संस्थापक भंवरलाल अग्रवाल एवं पुखराज राजपुरोहित की विशेष उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त प्रियंका सांगानेरिया, कैलाश कुमार सांगानेरिया, शिवम् सांगानेरिया, विजय कुमार क्याल (टिपू), चेतन सुरेका, अंकित सुरेका, स्वाति सुरेका, बबीता सुरेका, आयनांश सुरेका, शिवांश सुरेका सहित समिति के सभी कार्यकारी सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
समिति अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सांगानेरिया ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी संस्था द्वारा इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने इस अवसर पर यह संदेश भी दिया कि बच्चों को केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा के संस्कार देना ही सच्ची शिक्षा है।

