लायंस उमंग की पहल: लायंस आई हॉस्पिटल को मिली एंबुलेंस वैन, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया सहारा

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 3 मई। समाज सेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग ने छत्रीबाड़ी स्थित लायंस आई हॉस्पिटल को एक एंबुलेंस वैन भेंट की। यह पहल विशेष रूप से आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

क्लब की जनसंपर्क अधिकारी पायल चड्ढा के अनुसार यह कार्य अध्यक्ष बिमला कोचर के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। सचिव स्वाती चौधरी ने बताया कि इस सेवा प्रकल्प में जैनएक्स परिवहन प्रा. लि. के प्रताप कोचर, अरविंद कोचर और अभिषेक कोचर का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए क्लब ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन सीमा गोयनका ने किया। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस का उपयोग न केवल मरीजों को अस्पताल तक लाने में, बल्कि विभिन्न स्वास्थ्य जांच शिविरों में भी किया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों तक चिकित्सा सेवाएं और प्रभावी ढंग से पहुंच सकेंगी।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पंकज पोद्दार, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मनोज भजनका, वी.डी.जी. प्रथम इलेक्ट राजेश अग्रवाल, वी.डी.जी. द्वितीय इलेक्ट सुजीत बुखरेडिया, आईपीडीजी सीमा गोयनका, पीडीजी राजकुमार मोर और लायंस क्लब ऑफ गौहाटी के अध्यक्ष राजेश हंसारिया सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

हस्तांतरण समारोह की शुरुआत पारंपरिक पूजा के साथ हुई, जो सेवा कार्य के शुभारंभ का प्रतीक रहा। यह पहल लायंस क्लब की सेवा, संवेदना और सामुदायिक कल्याण के प्रति सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *