‘टीएमसी सासंद का एक गाना ममता बनर्जी को ले डूबा’, बंगाल में कमल खिलने के बाद उमा भारती ने कसा तंज

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली l पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी जो किया है, वो किसी करिश्मे से कम नहीं है। जैसे-जैसे काउंटिंग का दौर बढ़ रहा है, बीजेपी का विजय रथ भी आगे की तरफ बढ़ रहा है। इसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी की नेता उमा भारती ने प्रतिक्रिया दी है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज भी कसा है।

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “बंगाल की जीत के लिए मोदी जी, अमित शाह जी, नितिन नवीन जी और बंगाल के असंख्य कार्यकर्ताओं को बधाई एवं अभिनंदन।” उन्होंने आगे लिखा, “अबकी बार जीत तो हमारी होनी ही थी लेकिन ममता बनर्जी की ही पार्टी की एक सांसद का यह गाना ममता जी को ले डूबा।”

रैली में गाया था ‘मेरे दिल काबा और आंखों में मदीना’ :
जादवपुर से टीएमसी सांसद सायोनी घोष चुनाव प्रचार के दौरान अचानक पूरे देश में सुर्खियों में आ गईं, जब उन्होंने एक रैली में एक गाना गया। इस गाने के बोल थे- मेरे दिल में है काबा, आंखों में मदीना। इसी को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में एक चुनावी रैली में बोलते हुए कहा, “उनकी एक सांसद कहती हैं कि उनके हृदय में काबा और आंखों में मदीना बसा है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हमारे हृदय में महाकाली और आंखों में चैतन्य महाप्रभु बसे हैं।”

कौन हैं सायोनी घोष?
सायनी घोष का जन्म 27 जनवरी 1993 को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुआ था। सायनी घोष एक पारंपरिक बंगाली परिवार में पली-बढ़ीं। सायनी घोष के आधिकारिक चुनावी हलफनामों के अनुसार, उन्होंने कोलकाता के हिरेंद्र लीला पत्रानाविस स्कूल से अपनी उच्च माध्यमिक (12वीं कक्षा) की शिक्षा पूरी की। लेकिन फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति में उनके जमीनी अनुभव ने उन्हें बंगाल की सबसे मुखर आवाजों में से एक बना दिया है।

2021 में सायोनी 24 फरवरी को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं। उसी साल उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आसनसोल दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी की उम्मीदवार घोषित किया गया। हालांकि, उन्हें बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल से हार का सामना करना पड़ा। जून 2021 में, उन्हें तृणमूल कांग्रेस के यूथ विंग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने जादवपुर लोकसभा क्षेत्र से सायोनी घोष को टिकट दिया। इसमें वह विजयी रहीं।

बंगाल चुनाव में पिछड़ने के बाद ममता बनर्जी का पहला बयान :
टीएमसी प्रमुख ने अपने कार्यकर्ताओं के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है। नतीजों में पिछड़ने के बाद आए इस पहले बयान में ममता ने कहा है कि काउंटिंग सेंटर पर हमें रोका गया। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि काउंटिंग एजेंट्स बूथ ना छोड़ें क्योंकि अभी कई राउंड की गिनती बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *