नगांव में मिली-जुली तस्वीर: 7 में से 4 सीटों पर बीजेपी गठबंधन, 3 पर विपक्ष की जीत

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव जिले की 7 विधानसभा सीटों के चुनाव परिणामों में इस बार संतुलित तस्वीर देखने को मिली है। जहां बीजेपी गठबंधन ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की, वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ने 3 सीटों पर कब्जा जमाया।

बीजेपी गठबंधन की ओर से कलियाबर सीट से एजीपी के केशव महंत, नगांव-बटद्रवा से बीजेपी के रूपक शर्मा, बढ़मपुर से बीजेपी के जितु गोस्वामी और रहा से बीजेपी के शशिकांत दास विजयी रहे।

केशव महंत ने कलियाबर सीट से लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार जितेन गौड़ को 17,890 वोटों से हराया। महंत को 74,029 वोट मिले, जबकि जितेन गौड़ को 56,109 वोट प्राप्त हुए। वहीं राइजोर दल के प्रदीप कुमार बरुवा को 30,375 वोट मिले।

रूपक शर्मा ने नगांव-बटद्रवा सीट से तीसरी बार जीत हासिल करते हुए रिकॉर्ड 1,12,644 वोट प्राप्त किए। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. दुर्लभ चमुवा को 60,964 वोटों के बड़े अंतर से हराया।

बढ़मपुर सीट पर जितु गोस्वामी ने असम राष्ट्रीय परिषद के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाईं को 55,905 वोटों से पराजित कर दूसरी बार जीत दर्ज की। गोस्वामी को 1,16,740 वोट मिले, जबकि गोहाईं को 60,835 वोट प्राप्त हुए।

रहा सीट से शशिकांत दास ने कांग्रेस उम्मीदवार उत्पल बनिया को 19,480 वोटों से हराकर दूसरी बार जीत हासिल की। दास को 1,10,260 वोट मिले, जबकि बनिया को 90,260 वोट प्राप्त हुए।

वहीं विपक्षी गठबंधन की ओर से रूपहीहाट सीट पर कांग्रेस के नुरुल हुदा ने एआईयूडीएफ के अमीनुल इस्लाम को 68,024 वोटों से हराकर तीसरी बार जीत दर्ज की। नुरुल हुदा को 1,32,752 वोट मिले।

समगुड़ी सीट पर कांग्रेस के तंजील हुसैन ने बीजेपी के अनिल सैकिया को 1,07,288 वोटों के भारी अंतर से हराया। तंजील हुसैन को 1,43,526 वोट मिले, जबकि अनिल सैकिया को 36,238 वोट प्राप्त हुए। एआईयूडीएफ के अब्दुल अजीज को 27,543 वोट मिले।

धिंग सीट पर विपक्षी गठबंधन के राइजोर दल के उम्मीदवार मेहबूब मोक्तार ने एआईयूडीएफ के मतिउर रहमान को 71,432 वोटों से हराकर जीत हासिल की। मेहबूब मोक्तार को 1,30,975 वोट मिले, जबकि मतिउर रहमान को 59,543 वोट प्राप्त हुए। बीजेपी के मुकुट देवनाथ को 19,374 वोट मिले।

उल्लेखनीय है कि मेहबूब मोक्तार और तंजील हुसैन पहली बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। जिले के चुनाव परिणामों ने स्पष्ट किया है कि यहां राजनीतिक मुकाबला काफी कड़ा रहा और मतदाताओं ने दोनों गठबंधनों को संतुलित जनादेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *