शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल की नई प्रबंध समिति गठित, डॉ. प्रदीप कुमार जैन बने अध्यक्ष
थर्ड आई न्यूज़
कृष्ण कुमार लोहिया सचिव और डॉ. अशोक सराफ उपाध्यक्ष निर्वाचित, वर्ष 2026-29 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन
गुवाहाटी, 6 नवंबर। महानगर के नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल की वर्ष 2026-29 के लिए नई प्रबंध समिति का गठन किया गया है। विद्यालय की साधारण सभा में सर्वसम्मति से प्रबंध समिति के सदस्यों का चयन किया गया। इसके बाद नवगठित समिति की बैठक में डॉ. (प्रो.) प्रदीप कुमार जैन को अध्यक्ष और कृष्ण कुमार लोहिया को सचिव चुना गया।
नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. अशोक सराफ को उपाध्यक्ष, दैनिक पूर्वोदय के प्रकाशक संजय केडिया एवं रतन गोयनका को संयुक्त सचिव तथा पवन कुमार अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रबंध समिति के अन्य सदस्यों में भूमिदाता परिवार से रितेश बावरी के अलावा कृष्ण कुमार जालान, अरुण शर्मा, रतन गोयल, सरवन सरावगी, अरुण अग्रवाल, कैलाश मित्तल, हर्ष खेमका, प्राचीर जालान, प्रमोद मोर, विष्णु डीडवानिया, रोहिन हांसारिया और दीपक मोदी शामिल हैं। नवनिर्वाचित सचिव कृष्ण कुमार लोहिया ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी में रमेश जैन (हाथीगोला) और नवल किशोर मोर को भी मनोनीत किया गया है।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद डॉ. प्रदीप कुमार जैन ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने तथा उसके सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन्होंने प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपेक्षा जताई।
निवर्तमान अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रबंध समिति ने विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए। उन्होंने विद्यालय की प्रगति में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
नई प्रबंध समिति ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ विद्यालय के शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

