Market Update: दिनभर की हरियाली के बाद आखिरी सत्र में बिकवाली का दबाव, सेंसेक्स-निफ्टी फिसले

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली I घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आखिरी सत्र में बिकवाली दिखी। सुबह से हरे निशान पर कारोबार कर रहे बेंचमार्क सूचकांक शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 160.73 (0.21%) फिसलकर 75,237.99 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर निफ्टी 46.10 (0.19%) अंकों की गिरावट के साथ 23,643.50 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ। शुक्रवार के कारोबारी सत्र के बाद हिंडाल्को के शेयरों में 3 प्रतिशत जबकि रिलायंस के शेयरों में दो फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

शुक्रवार को इंट्राडे कारोबार में रुपया 96 के स्तर से नीचे फिसल गया। रुपये पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत डॉलर और अमेरिकी नीति निर्माताओं की आक्रामक टिप्पणियों का दबाव दिखा। विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार विदेशी पूंजी के लगातार बहिर्वाह और कमजोर शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के बीच अमेरिकी डॉलर/भारत रुपये की जोड़ी भारी दबाव में है, जिससे भुगतान संतुलन पर दबाव पड़ रहा है।

वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितताएं, अपेक्षाकृत उच्च मूल्यांकन और एआई-आधारित निवेश के अवसरों की कमी ने पूंजी प्रवाह पर दबाव डाला है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.86 पर खुला, फिर कमजोर हुआ और दिन के कारोबार में रिकॉर्ड निचले स्तर 96.14 पर आ गया। रुपये में पिछले दिन की क्लोजिंग के मुकाबले 50 पैसे की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार के किन शेयरों में दिखी चाल :
सेंसेक्स शेयरों में टाटा स्टील, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इटरनल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो, ट्रेंट, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से पिछड़ने वाले शेयर रहे।

दूसरी ओर, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, अदानी पोर्ट्स, मारुति सुजुकी इंडिया, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और सन फार्मास्यूटिकल्स प्रमुख विजेता रहे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “हालिया राहत रैली के बाद निवेशक सतर्क हो गए हैं, क्योंकि बॉन्ड यील्ड में वृद्धि, कमजोर रुपया और ईंधन की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी ने मुद्रास्फीति की चिंताओं को फिर से जीवित कर दिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *