लवलीना बोरगोहाईं ने 2026 एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किया क्वालीफाई

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली l ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहाईं ने एक बार फिर भारतीय मुक्केबाजी में अपना दबदबा साबित करते हुए 2026 एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पटियाला में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में उन्होंने महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की।

2026 राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा, जबकि 19 सितंबर से जापान में एशियाई खेलों की शुरुआत होगी।

फाइनल मुकाबले में लवलीना बोरगोहाईं ने सनामाचा चानू को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। उनके दमदार प्रदर्शन ने भारतीय महिला मुक्केबाजी में उनकी निरंतरता और श्रेष्ठता को फिर साबित कर दिया।

लवलीना के अलावा साक्षी चौधरी, जादुमणि सिंह और नरेंद्र बरवाल ने भी ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई किया।

वहीं विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता पर्वीन हुड्डा (65 किग्रा), सुमित कुंडू (70 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा) और कपिल पोखरिया (90 किग्रा) ने भी अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर भारतीय दल में स्थान बनाया।

मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन आदित्य प्रताप सिंह केवल ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई कर सके।

चयन ट्रायल्स ऐसे समय में आयोजित किए गए जब मुक्केबाजी प्रशासन में अनिश्चितता का माहौल था। भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की मूल्यांकन आधारित चयन नीति को बीच में ही निलंबित कर दिए जाने के बाद संघ को पारंपरिक ट्रायल प्रणाली अपनानी पड़ी।

गौरतलब है कि लवलीना बोरगोहाईं पिछले महीने उलानबटार में आयोजित एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में फाइनल तक नहीं पहुंच सकी थीं, जिसके कारण वह सीधे क्वालीफाई करने से चूक गई थीं। हालांकि राष्ट्रीय ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

28 वर्षीय लवलीना पूर्व विश्व चैंपियन होने के साथ-साथ टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता और 2023 एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *