होजाई में श्रद्धा और भक्ति के साथ शुरू होगी सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मूंदड़ा

पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर होजाई शहर के कॉलेज रोड स्थित पंसारी परिवार द्वारा सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन 21 मई से आरंभ होने जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कथा वाचन के लिए श्रीधाम वृन्दावन से श्रद्धेय विपिन शास्त्री महाराज पधारे हैं।

कथा प्रारंभ से पूर्व बुधवार को स्थानीय श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले यजमान चौथमल पंसारी ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया। इसके बाद लाल चुनरी धारण किए मातृशक्ति सहित श्रद्धालुओं ने हाथों में कलश लेकर “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा को कथास्थल तक पहुंचाया।

कलश यात्रा में श्रद्धेय विपिन शास्त्री महाराज भी सुसज्जित वाहन पर सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते नजर आए। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजकों के अनुसार, सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगी। कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक प्रसंगों एवं झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

कथा कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार रहेगी—

21 मई (प्रथम दिवस): श्रीमद् भागवत माहात्म्य कथा

द्वितीय दिवस: पांडव चरित्र एवं भगवान शुकदेव का आगमन

तृतीय दिवस: प्रह्लाद चरित्र एवं ध्रुव चरित्र

चतुर्थ दिवस: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

पंचम दिवस: श्री गिरिराज धारण लीला एवं छप्पन भोग

षष्ठ दिवस: रासलीला एवं कृष्ण-रुक्मिणी विवाहोत्सव

सप्तम दिवस: सुदामा-श्रीकृष्ण मिलन एवं कथा का मंगल प्रसंग

आयोजक चौथमल पवन कुमार पंसारी ने बताया कि यह आयोजन उनके स्वर्गीय दादाजी केशरदेव एवं पिता मनोहर लाल पंसारी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कथा के दौरान धार्मिक झांकियों के माध्यम से कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा।

पंसारी परिवार ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से कथा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। साथ ही बताया कि कथा समापन के उपरांत 28 मई को दोपहर में भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु परिवार सहित शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *