मोरिकलंग डकैती कांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, इलाके में सनसनी

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव के मोरिकलंग में हुए सनसनीखेज डकैती कांड का मुख्य आरोपी मणि उर्फ खाईरुल अली मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ नगांव जिले के रांगलू क्षेत्र अंतर्गत बरकुंडली मिकिरपार गांव में हुई। पुलिस के अनुसार खाईरुल अली मोरिकलंग डकैती कांड का मुख्य आरोपी था और कई संगीन मामलों में वांछित था।

गौरतलब है कि गत 24 अप्रैल की तड़के मोरिकलंग स्थित चिकित्सक डॉ. रंजीत शइकिया के घर में डकैतों के एक गिरोह ने घुसकर लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया था। इस हमले में डॉ. रंजीत शइकिया और उनकी पत्नी रूपरेखा शइकिया गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में गुवाहाटी में इलाज के दौरान रूपरेखा शइकिया का निधन हो गया था। इस घटना के बाद पूरे राज्य में भारी आक्रोश देखा गया था।

नगांव पुलिस ने इस मामले में अब तक आठ डकैतों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में मारा गया खाईरुल अली इस गिरोह का मुख्य सरगना था।

घटना के संबंध में नगांव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थप्रतिम दास ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि डकैतों का एक गिरोह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर जिले के सभी थानों को सतर्क किया गया और रांगलू पुलिस चौकी क्षेत्र के बरकुंडली इलाके में अभियान चलाया गया।

एसपी के अनुसार जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो डकैतों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की। डकैतों की गोली पुलिस वाहन में लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें खाईरुल अली को दो गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे नगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल से एक 7.65 एमएम पिस्तौल और दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। एसपी पार्थप्रतिम दास ने बताया कि खाईरुल अली के खिलाफ नगांव और लखीमपुर जिलों में डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उसका घर लखीमपुर जिले के थाना रोड स्थित वार्ड नंबर-8 में बताया गया है। पुलिस के अनुसार वह नगांव के एक स्टार होटल में अस्थायी रूप से रह रहा था और वहीं से गिरोह का संचालन कर रहा था।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह में नगांव जिले के स्थानीय लोगों की संलिप्तता थी या नहीं। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान जारी है।

उल्लेखनीय है कि इस मामले का एक अन्य आरोपी राजीबुर रहमान पहले ही सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो चुका है।

वहीं, इस हमले में अपनी पत्नी को खो चुके और स्वयं गंभीर रूप से घायल हुए डॉ. रंजीत शइकिया ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हमें थोड़ी शांति मिली है। भगवान ने न्याय किया है। दोषी को उचित सजा मिली है। बाकी आरोपियों को भी ऐसी ही सजा मिलनी चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *