नव्या लेडीज क्लब ने मेधावी विद्यार्थियों और युवा चिकित्सकों का किया सम्मान, प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों को मिला सम्मान, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 2 जून। महिलाओं की अग्रणी सामाजिक संस्था नव्या लेडीज क्लब द्वारा आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं तथा चिकित्सा क्षेत्र में डिग्री प्राप्त कर नई उपलब्धि हासिल करने वाले युवा चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
क्लब की अध्यक्ष रितु अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और चिकित्सा स्नातकों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न एवं शुभकामनाएं प्रदान की गईं। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि युवा पीढ़ी की सफलता पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है और ऐसे सम्मान समारोह प्रतिभाओं को नई ऊर्जा तथा प्रोत्साहन प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया। साथ ही युवा चिकित्सकों को समाज सेवा की भावना के साथ अपने पेशेवर जीवन में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की पूर्व अध्यक्ष कुसुम जैन, संयुक्त सचिव पूनम खेमानी, कोषाध्यक्ष मनीसा मोदी सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन बबीता संथोलिया और ज्योति गाड़ोदिया ने किया। समारोह के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों और युवा चिकित्सकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके निरंतर सफलता के पथ पर अग्रसर रहने की कामना की गई।

