हनुमान मंदिर में लायंस गोल्ड का स्वच्छता अभियान, मंदिर परिसर की सफाई कर दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड द्वारा “लायन स्वच्छ अभियान – वन डिस्ट्रिक्ट, वन एक्टिविटी” के अंतर्गत गणेशगुड़ी स्थित हनुमान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से प्रेरित इस अभियान में क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छ समाज का संदेश दिया।

क्लब अध्यक्ष दीपक भजनका के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में सचिव सुमित हिसारिया, प्रोजेक्ट चेयरपर्सन नितिन बेरलिया, विक्रम अग्रवाल, पिंकी प्रजापत, स्वाति हिसारिया सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान के दौरान मंदिर परिसर की गहन सफाई की गई, कचरे का संग्रह कर उसका उचित निपटान किया गया तथा आसपास फैले प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया।

स्वच्छता अभियान के साथ-साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। क्लब सदस्यों ने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आग्रह करते हुए “स्वच्छ परिवेश, स्वस्थ समाज” का संदेश दिया।

सचिव सुमित हिसारिया ने कहा कि समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि स्वयंसेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि क्लब भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे अभियानों का आयोजन करता रहेगा।

क्लब की जनसंपर्क अधिकारी जया पारीक ने बताया कि इस अभियान के परिणामस्वरूप मंदिर परिसर पहले से अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रयास ही स्वस्थ और सुंदर समाज की आधारशिला बन सकते हैं।

अभियान के समापन पर उपस्थित सदस्यों ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *