परशुराम कुंड में स्वामी राजेंद्र दास जी का आगमन, 54 फीट ऊंची परशुराम प्रतिमा देखकर हुए अभिभूत

थर्ड आई न्यूज़

तिनसुकिया । बीते कल पावन परशुराम कुंड में परम पूज्य स्वामी श्री राजेंद्र जी दास का शुभ आगमन हुआ। इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन जोन 8D के पदाधिकारियों द्वारा पूज्य स्वामी जी का भावपूर्ण सम्मान किया गया।

भगवान परशुराम की 54 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा के दर्शन कर स्वामी जी अत्यंत अभिभूत हुए। प्रतिमा की सजीवता और संपूर्णता देखकर उनके मुखारविंद पर प्रसन्नता स्पष्ट झलक रही थी।

अपने संक्षिप्त आशीर्वचन में स्वामी जी ने स्मरण किया कि जब विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक सुशील ओझा ने इस महती प्रकल्प के विषय में बताया था, तब उन्होंने अपने गुरुदेव की प्रेरणा से ₹1,11,111 का अनुदान प्रदान किया था। यह अनुदान इस आशीर्वाद के साथ दिया गया था कि विप्र फाउंडेशन इस पुण्य कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करे और भगवान परशुराम के इस पावन तीर्थ को विश्व पटल पर प्रचारित करे।

स्वामी जी ने कहा कि आज इस भव्य प्रतिमा को साकार रूप में देखकर उनका संकल्प पूर्ण हुआ। उन्होंने विप्र फाउंडेशन के सभी उपस्थित सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए संगठन की निरंतर उन्नति और प्रगति की मंगल कामना की।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में जोन 8D के संरक्षक विश्वम्भर दयाल त्रिवेदी एवं कैलाश जोगाई सहित संजय कुमार त्रिवेदी, रमेश शर्मा, राजेश दाधीच, लीना त्रिवेदी, पूनम शर्मा और ज्योति शर्मा उपस्थित रहे।

विप्र फाउंडेशन द्वारा परशुराम कुंड में स्थापित भगवान परशुराम की यह 54 फीट ऊंची प्रतिमा अब श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *