500 से अधिक निःशुल्क हेलमेट वितरित कर लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ने बाल सड़क सुरक्षा अभियान को दी नई ऊंचाई,नारायण नगर में चौथे चरण का आयोजन, 250 बच्चों को मिले हेलमेट

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 18 जून। बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गौहाटी द्वारा संचालित निःशुल्क बाल हेलमेट वितरण अभियान के चौथे चरण का सफल आयोजन नारायण नगर क्षेत्र में किया गया। “बच्चों की सुरक्षा, भविष्य की रक्षा” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान आसपास स्थित सात से आठ विद्यालयों के विद्यार्थियों सहित अन्य बच्चों को लगभग 250 हेलमेट निःशुल्क वितरित किए गए।

यह अभियान दोपहिया वाहनों पर यात्रा करने वाले बच्चों में हेलमेट उपयोग की आदत विकसित करने तथा कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम को विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन का भरपूर समर्थन मिला। उपस्थित लोगों ने इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और जन-जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए क्लब की सराहना की।

हेलमेट वितरण के साथ बच्चों और अभिभावकों को सुरक्षित यातायात व्यवहार तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। क्लब का मानना है कि बचपन में विकसित होने वाली सुरक्षित यातायात आदतें भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकती हैं।

कार्यक्रम का संचालन क्लब अध्यक्ष राजेश हंसारिया, सचिव नरेश अग्रवाल तथा परियोजना प्रायोजक एवं संयोजक श्रवण सरावगी एवं शशि सरावगी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर रतन गोयनका, दिलीप सराफ, पवन हवेलिया, सुशील गोयल, पवन अग्रवाल और भरत चौधरी सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी संजय संथोलिया ने बताया कि इससे पूर्व अभियान के तीन चरण हिंदुस्तानी केंद्रीय विद्यालय (भांगागढ़), एनपीएस इंटरनेशनल स्कूल (हाउकुची) तथा चिन्मय विद्यालय (सिक्स माइल) में आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों सहित अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 500 से अधिक बच्चों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं।

क्लब अध्यक्ष राजेश हंसारिया ने बताया कि विद्यालयों के अतिरिक्त शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसके तहत दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठकर यात्रा कर रहे बच्चों को मौके पर ही निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए। इस पहल से अभियान का लाभ समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंच सका।

विद्यालयों और अभिभावकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए क्लब ने भविष्य में इस अभियान का विस्तार शहर के अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक करने का निर्णय लिया है। लायंस क्लब ऑफ गौहाटी का उद्देश्य “बच्चों की सुरक्षा, भविष्य की रक्षा” के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाकर अधिक सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *