110 वर्षों की गौरवगाथा का उत्सव: श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय का स्थापना दिवस समारोह 25 जून को, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा होंगे मुख्य अतिथि, आईटीए सेंटर में होगा भव्य आयोजन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 17 जून। पूर्वोत्तर भारत में स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सरोकारों की एक सुदीर्घ परंपरा का प्रतीक श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय (एसएमडीए) अपने 110वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में 25 जून को एक भव्य समारोह आयोजित करने जा रहा है। मारवाड़ी हॉस्पिटल्स की अभिभावक संस्था एसएमडीए की 110 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित यह विशेष आयोजन माछखोवा स्थित आईटीए सेंटर में प्रातः 10:30 बजे से प्रारंभ होगा।
एसएमडीए के अध्यक्ष शरत जैन ने बताया कि समारोह में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं असम सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अशोक सिंघल तथा विधायक विजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1916 में स्थापित श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय ने पिछले 110 वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सहायता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। संस्था ने समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवा परियोजनाओं के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। सेवा, समर्पण और जनहित के मूल्यों पर आधारित इसकी यात्रा आज समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
संस्था के सचिव किशोर साबू ने बताया कि समारोह के दौरान एसएमडीए की ऐतिहासिक उपलब्धियों, विभिन्न सेवा परियोजनाओं तथा भावी योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही संस्था से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों, समाजसेवियों और विशिष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में प्रसिद्ध वायलिन वादक एवं गायिका सुनीता खाउंड भुइयाँ अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी। उनकी संगीतमय प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण होगी।
संस्था के पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से इस ऐतिहासिक अवसर पर अपने परिवारजनों, मित्रों एवं परिचितों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि 110 वर्षों की यह उपलब्धि किसी एक संस्था की सफलता भर नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक सेवा भावना, सहयोग और समर्पण का प्रतीक है।
आयोजकों ने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे प्रातः 10:15 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण करें, ताकि समारोह का शुभारंभ निर्धारित समयानुसार सुचारु रूप से किया जा सके।
110वें स्थापना वर्ष का यह समारोह संस्था की गौरवशाली विरासत का उत्सव होने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक एकता के प्रति उसके निरंतर समर्पण का भी सशक्त संदेश देगा।

