अंबुबाची मेले से पूर्व जूना अखाड़े की भव्य शोभायात्रा, नागा साधुओं के जयघोष से गूंजा नीलाचल, विधायक विजय गुप्ता और मुकुता डेका ने किया स्वागत

थर्ड आई न्यूज़

कामख्या धाम से राजू तिवाड़ी

गुवाहाटी, 20 जून। विश्व प्रसिद्ध अंबुबाची महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार को जूना दशनामी अखाड़े द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कामाख्या नर्सरी स्थित मुख्य प्रवेश द्वार से आरंभ हुई यह शोभायात्रा मां कामाख्या मंदिर तक पहुंची। शोभायात्रा में स्थानीय तथा देश के विभिन्न भागों से आए नागा साधु-संतों ने भाग लिया, जिनके दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

हर-हर महादेव और जय मां कामाख्या के जयघोषों के बीच निकली इस शोभायात्रा में सैकड़ों साधु-संत, अखाड़े के पदाधिकारी तथा हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। नागा साधुओं की पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक ध्वज, शंख-ध्वनि और आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय गुवाहाटी के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय गुप्ता तथा भाजपा नेता मुकुता डेका भी उपस्थित रहे। उन्होंने साधु-संतों का अभिनंदन किया तथा अंबुबाची मेले की व्यवस्थाओं और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शोभायात्रा में भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि अंबुबाची मेला देश के सबसे महत्वपूर्ण शाक्त एवं तांत्रिक धार्मिक आयोजनों में गिना जाता है। इस दौरान कामाख्या धाम में देश-विदेश से साधु-संत, तांत्रिक साधक और लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। जूना अखाड़ा, जो भारत के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित अखाड़ों में से एक माना जाता है, अंबुबाची महोत्सव में विशेष भूमिका निभाता है। नागा साधुओं की उपस्थिति मेले का प्रमुख आकर्षण होती है।

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने साधु-संतों का स्वागत किया तथा मां कामाख्या के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

अंबुबाची महोत्सव के औपचारिक आरंभ से पूर्व आयोजित इस शोभायात्रा ने नीलाचल पर्वत पर धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया है। श्रद्धालुओं का मानना है कि नागा साधुओं के दर्शन और आशीर्वाद से अंबुबाची पर्व का शुभारंभ और अधिक मंगलमय हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *