मां बगला सेवा समिति का छह दिवसीय भंडारा प्रारंभ, 26 वर्षों से जारी सेवा परंपरा, श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चाय और जलपान की विशेष व्यवस्था
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 20 जून। महानगर के कालीपुर क्षेत्र में स्थित श्री श्री मां बगला सेवा समिति द्वारा आयोजित छह दिवसीय भंडारे का शुभारंभ शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी अजय पोद्दार ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के उपरांत मुख्य अतिथि की उपस्थिति में विधिवत कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठानों और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश खंडेलवाल ने बताया कि यह समिति द्वारा आयोजित 26वां वार्षिक भंडारा है। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों से समिति निरंतर श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सेवा के उद्देश्य से इस आयोजन का संचालन कर रही है, जो अब क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा बन चुका है।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष गर्ग ने बताया कि भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन के साथ-साथ चाय, नाश्ता और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। अंबुबाची महायोग के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा कार्यों का विशेष प्रबंध किया गया है।
उद्घाटन समारोह में समिति के सचिव रमेश कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष विनोद जालान, पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, पवन अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष परमानंद गोयल, दीनदयाल गोयल सहित बड़ी संख्या में सदस्य, कार्यकर्ता एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
समिति के प्रवक्ता योगेश मिश्र ने बताया कि छह दिनों तक चलने वाले इस भंडारे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और साधु-संतों को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक सेवा अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

