निर्जला एकादशी पर पारीक महिला परिषद की अनूठी सेवा पहल, स्कूल में बच्चों को भेंट किए व्हाइट बोर्ड
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 23 जून 2026 । पावन निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी द्वारा आज प्रेसीडेंसी स्कूल, उल्लूबाड़ी में बच्चों के बीच स्नेह, सेवा एवं संस्कार का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः 11:30 बजे आयोजित इस सेवा कार्य में परिषद की ओर से शिक्षा एवं मानव सेवा को समर्पित सराहनीय पहल की गई।परिषद की अध्यक्ष निशा पारीक, सचिव जया पारीक एवं कोषाध्यक्ष पूजा जोशी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में परिषद सदस्या सुंदर पारीक एवं समाजसेवी मन्नू जालान द्वारा विद्यालय के बच्चों के लिए 7 व्हाइट बोर्ड भेंट किए गए। वहीं परिषद की उपाध्यक्ष निशा शर्मा के सौजन्य से लगभग 150 बच्चों को भोजन प्रसाद वितरित किया गया।व्हाइट बोर्ड एवं भोजन प्रसाद प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया तथा उन्हें शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य सपन चक्रवर्ती ने स्कूल की सभी अध्यापिकाओं और बच्चों के साथ पारीक महिला परिषद को हार्दिक धन्यवाद दिया।यद्यपि निर्जला एकादशी 25 जून को मनाई जाएगी, किंतु परिषद ने “नर सेवा ही नारायण सेवा है” की भावना को आत्मसात करते हुए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज ही यह पुण्य सेवा कार्य संपन्न किया। इस आयोजन के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग एवं शिक्षा के महत्व का सशक्त संदेश दिया गया।कार्यक्रम में कार्यकारिणी अध्यक्षा दीपिका जोशी, उपाध्यक्ष निशा शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुंदर पारीक, मधु शर्मा, किरण पारीक, उषा पारीक, नेहा पारीक एवं अंतिमा पारीक सहित परिषद की अनेक सदस्याएँ उपस्थित रहीं। सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया।पारीक महिला परिषद द्वारा किए गए इस सेवा कार्य ने सेवा, संवेदना और शिक्षा का सुंदर संगम के रूप में उदाहरण प्रस्तुत किया।

