लायंस उमंग के कई जनसेवा कार्य आयोजित, विशेष बच्चों के लिए ‘सेंसरी डिवाइसेज एवं एडीएल वॉल’ का उद्घाटन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 30 जून। मानव सेवा को सर्वपरी मानते हुए लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग की ओर से आज अपने लायनिस्टिक वर्ष समापन के मौके पर कई जनकल्याणकारी कार्य आयोजित किए गए। क्लब की जनसंपर्क अधिकारी पायल चड्ढा ने बताया कि अध्यक्ष बिमला कोचर के नेतृत्व में समाजसेवा के विभिन्न जनकल्याणकारी प्रकल्पों के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों, अनाथ बालिकाओं, जरूरतमंदों एवं आमजन के हित में कई महत्वपूर्ण सेवा कार्य आयोजित किए गए।
सचिव स्वाति चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सेंसरी डिवाइसेज एवं एडीएल वॉल’ का उद्घाटन किया गया, जिससे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को जीवन कौशल विकसित करने और इंटरैक्टिव तरीके से सीखने में सहायता मिलेगी।
इसके साथ ही ‘प्रोजेक्ट नीर’ के तहत मोन आशानीर, आशानीर एवं कल्याणी निवास में स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर एवं वाटर फिल्टर का लोकार्पण किया गया। कोषाध्यक्ष रेनू अग्रवाल नेबताया कि ‘लायंस शी मैटर्स’ अभियान के अंतर्गत आशानीर और कल्याणी निवास की बालिकाओं एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल करने वाली महिलाओं के बीच सैनिटरी नैपकिन वितरित कर मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।
क्लब को प्रयोजना संयोजक रितु बंका ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए ‘बीट द हीट’ अभियान के तहत आशानीर और कल्याणी निवास के बच्चों को जूस एवं बिस्कुट वितरित किए गए। वहीं ‘स्प्रेडिंग स्माइल्स’ प्रकल्प के अंतर्गत बच्चों को स्कूल वाटर बॉतलें भी भेंट की गईं, ताकि वे नए वाटर कूलर एवं फिल्टर का लाभ उठा सकें। इसके अलावा आठगांव गणेश मंदिर के समीप रिक्शा चालकों, फेरीवालों, भिक्षुकों एवं दिहाड़ी मजदूरों के बीच भी जूस और बिस्कुट वितरित कर उन्हें गर्मी से राहत प्रदान की गई। इस अवसर पर पूर्व जिलापाल सीमा गोयनका, अध्यक्ष बिमला कोचर, सचिव स्वाति चौधरी, कोषाध्यक्ष रेणु अग्रवाल, सर्विस कोऑर्डिनेटर रितु बांका, अध्यक्ष (निर्वाचित) अनीता लोहिया, सरोज जालान, कंचन बेताला, लिपिका मोदी, संगीता बड़जातिया, संगीता अग्रवाल, संतोष मिंडा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अध्यक्ष बिमला कोचर ने कहा कि पूरे वर्ष समाजसेवा के विभिन्न कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों तक क्लब की ओर से सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया और आगे भी यह सेवा का सिलसिला जारी रहेगा।

