लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ने आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल को भेंट किए तीन वाटर कूलर एवं फिल्टर यूनिट

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी । समाज सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ने सोमवार को जालुकबाड़ी स्थित सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल में तीन अत्याधुनिक एक्वागार्ड वाटर फिल्टर सह वाटर कूलर यूनिट स्थापित कर संस्थान को समर्पित किए। इस जनहितकारी पहल का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी संजय संथोलिया ने बताया कि अध्यक्ष राजेश हंसारिया के नेतृत्व में यह सेवा परियोजना संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अब तक शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। विशेषकर भीषण गर्मी के मौसम में इन आधुनिक वाटर कूलर एवं फिल्टर यूनिटों की स्थापना से अस्पताल आने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस सेवा परियोजना के अंतर्गत समाजसेवी ओमप्रकाश खाखोलिया एवं आशीष खाखोलिया ने दो वाटर कूलर सह फिल्टर यूनिट प्रायोजित किए, जबकि मदनलाल गोयनका चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक अतिरिक्त यूनिट उपलब्ध कराई। लायंस क्लब ने सभी प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना की सराहना की।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष राजेश हंसारिया ने कहा कि लायंस क्लब समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर जनकल्याणकारी परियोजनाएं संचालित करता रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले हजारों मरीजों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और भविष्य में भी क्लब इसी प्रकार समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

कार्यक्रम में आनंद सराफ, सुभाष केजरीवाल, कमलेश गोयनका, बिमलेश गोयनका, ओमप्रकाश खाखोलिया सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने समाज सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए ऐसे जनोपयोगी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *