जुबिन गर्ग की भित्तिचित्र हटाने का सरकार ने नहीं दिया था निर्देश: मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 10 जुलाई। गुवाहाटी के गणेशगुड़ी में जुबिन गर्ग की भित्तिचित्र (म्यूरल) हटाए जाने को लेकर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार ने इसे हटाने का कोई निर्देश नहीं दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्र हटाने वाले पेंटरों ने स्वयं बताया कि म्यूरल में बनी तस्वीर जुबिन गर्ग से मेल नहीं खा रही थी, इसलिए उन्होंने उसे हटाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में शामिल पेंटर और ठेकेदार सभी असमिया हैं तथा वे स्वयं भी जुबिन गर्ग के प्रशंसक हैं।

डॉ. शर्मा ने दोहराया कि सरकार की ओर से म्यूरल हटाने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया था। उन्होंने कहा, “जब हमने पेंटरों से पूछा तो उनका कहना था कि तस्वीर जुबिन गर्ग जैसी नहीं लग रही थी, इसलिए उन्होंने उसे मिटा दिया।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मीडिया में दिखाई जा रही तस्वीरें भी जुबिन गर्ग की वास्तविक छवि से पूरी तरह मेल नहीं खातीं। उनके अनुसार, यही कारण है कि अलग-अलग कलाकार उन्हें अलग-अलग रूप में चित्रित कर रहे हैं, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में प्रतिमा, भित्तिचित्र या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उपयोग के लिए जुबिन गर्ग की एक मानक और सर्वमान्य तस्वीर तय की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रशंसक एक ही तस्वीर पर सहमति बना लें, तो इस तरह के अनावश्यक विवादों से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *