अगले शैक्षणिक सत्र से मेधावी छात्रों को स्कूटी नहीं मिलेगी, राशि ‘निजुत मोइना’ और ‘निजुत बाबू’ योजना में होगी खर्च
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 10 जुलाई। असम के वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने 2026-27 का राज्य बजट पेश करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि ‘निजुट मोइना’ और ‘निजुट बाबू’ योजनाओं का लाभ अगस्त से फिर शुरू किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि अब तक इन योजनाओं के तहत 5,44,479 छात्राओं को लाभ मिल चुका है और उनके बीच 374 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की जा चुकी है। चालू वित्तीय वर्ष में लगभग 5,30,718 विद्यार्थियों को इन योजनाओं का लाभ मिलने की संभावना है।
उन्होंने डॉ. बनीकांत काकती मेधावी पुरस्कार योजना के तहत घोषणा की कि इस वर्ष लगभग 18,000 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की जाएगी। हालांकि, अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूटी वितरण योजना बंद कर दी जाएगी, ताकि शिक्षा सहायता का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक संतुलित रूप से पहुंचाया जा सके।
वित्त मंत्री ने बताया कि स्कूटी वितरण पर होने वाले खर्च को अब ‘निजुट मोइना’ और ‘निजुट बाबू’ योजनाओं को और अधिक मजबूत तथा विस्तारित करने में लगाया जाएगा, जिससे अधिक पात्र विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता मिल सके।
बजट में यह भी घोषणा की गई कि राज्य के सत्र संस्थानों से जुड़े 621 उदासीन भकतों को अगस्त से प्रतिमाह 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता फिर से शुरू की जाएगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री कृषि सा-सजुली योजना (एमएमकेएसएसवाई) के तहत किसानों को सहायता जारी रहेगी। इस योजना के अंतर्गत पात्र लघु एवं सीमांत किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अनुरूप प्रतिवर्ष 11,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

