बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन का राहत अभियान तेज, ऊपरी असम के लिए रवाना हुआ राहत सामग्री से भरा ट्रक
गुवाहाटी, 6 अगस्त। असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को गति देते हुए पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन ने गुरुवार को गुवाहाटी से राहत सामग्री से भरा एक ट्रक ऊपरी असम के लिए रवाना किया। सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं के माध्यम से यह सामग्री बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जाएगी।
राहत सामग्री में 500 गद्दे, 500 तकिए, 500 बेडशीट, 500 तकिया कवर, 500 मच्छरदानियां, 500 मेखला-चादर तथा तीन कार्टन वस्त्र शामिल हैं। इनका वितरण ऊपरी असम के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सम्मेलन की सक्रिय शाखाओं द्वारा किया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत और सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जा सके।
पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक ने बताया कि संगठन का राहत एवं सेवा अभियान निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को भी राहत सामग्री से भरा एक और ट्रक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सम्मेलन परिवार समाज के सहयोग से पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाजबंधुओं से इस मानवीय अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सहयोग और सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं के समन्वित प्रयासों से राहत एवं पुनर्वास का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

