सावन सिंजारा महोत्सव में बिखरे राजस्थानी संस्कृति के रंग, लहरिया परिधानों में सजीं महिलाएं

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 13 अगस्त। सावन की उमंग, लहरिया परिधानों की छटा और राजस्थानी संस्कृति के रंगों के बीच पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी का सावन सिंजारा महोत्सव बुधवार को परशुराम सदन में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। संगीत, नृत्य, झूले और मनोरंजक गतिविधियों से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महोत्सव का शुभारंभ भगवान गणेश और आराध्य महर्षि पराशर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। परिषद की पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान सलाहकार सुषमा शर्मा, ममता शर्मा, विनीता पारीक और कौशल्या व्यास सहित समाज की वरिष्ठ महिलाओं ने मंगल दीप प्रज्ज्वलित किया।

पारंपरिक लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने राजस्थानी और हिंदी गीतों पर सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां दीं। नाटिका, झूला और आकर्षक फोटो प्वाइंट भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षण रहे। तीज पर आधारित प्रश्नोत्तरी, हाउजी और लकी ड्रॉ ने आयोजन में मनोरंजन का रंग भरा। इस अवसर पर पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व परिषद की अध्यक्ष निशा पारीक, सचिव जया पारीक और कोषाध्यक्ष पूजा जोशी ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संयोजन में नेहा जोशी और शेफाली पारीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ज्योति पारीक, वंदना पारीक, प्रीति पारीक और उषा पारीक ने विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय में सहयोग दिया।

आयोजन को सफल बनाने में कार्यकारिणी अध्यक्ष दीपिका जोशी, उपाध्यक्ष रंजना पारीक और निशा परेश शर्मा के साथ सुंदर पारीक, किरण पारीक, मंजू पारीक, निर्मला पारीक, पुष्पा पारीक, पूनम पारीक, मधु शर्मा, कमला पारीक और सुमन पारीक सहित परिषद की सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

महोत्सव को पारीक स्टील एंड हार्डवेयर, अभिषेक ज्वेलर्स, अमसोई टी गार्डन, पारीक एंटरप्राइजेज फायर एंड सेफ्टी, आठगांव तथा पारीक जी मिठाई और नमकीन सहित विभिन्न प्रायोजकों का सहयोग मिला।

परिषद की अध्यक्ष निशा पारीक ने कहा कि सावन सिंजारा जैसे आयोजन महिलाओं को आपस में जोड़ने के साथ राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने पूरे पारीक परिवार को उत्सव, आत्मीयता और एकजुटता के सूत्र में जोड़ा।

कार्यक्रम के समापन पर परिषद की ओर से अतिथियों, सलाहकारों, प्रायोजकों, सदस्याओं और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *