बाढ़ राहत के लिए Be10x ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए तीन लाख रुपये, चेतना लेडीज क्लब के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा चेक
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 14 अगस्त। असम में हाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता और पुनर्वास के लिए कोलकाता स्थित एडटेक संस्था Be10x (गोयनका कचावे हाउस ऑफ एडटेक प्राइवेट लिमिटेड) ने मुख्यमंत्री राहत कोष में तीन लाख रुपये का योगदान दिया है।
चेतना लेडीज क्लब के माध्यम से सहायता राशि का चेक मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को सौंपा गया। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष रेणु मंग्लूनिया, सचिव सुधा बजाज, कोषाध्यक्ष मीना धनुका और परियोजना अध्यक्ष आशा अग्रवाल उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए किए गए इस सहयोग की सराहना की। उन्होंने चेतना लेडीज क्लब द्वारा समय-समय पर किए जा रहे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की भी प्रशंसा की।
Be10x के सह-संस्थापक आदित्य गोयनका और आदित्य कचावे ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए संस्था ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग करने का निर्णय लिया। संकट के समय जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना समाज के सभी वर्गों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
चेतना लेडीज क्लब लंबे समय से विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों से जुड़ा रहा है। क्लब ने इस सहयोग के लिए Be10x के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी गई राशि बाढ़ प्रभावित परिवारों के राहत एवं पुनर्वास कार्यों में उपयोगी साबित होगी।

