होजाई में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया गया नमन
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
पूरे देश के साथ-साथ होजाई जिले में भी भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में मुख्य समारोह जिला मुख्यालय श्रीमंत शंकरदेव नगर स्थित कछारी मैदान में आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला आयुक्त ने शहीदों को तर्पण अर्पित करने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान और त्याग को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
जिला आयुक्त ने अपने संबोधन में होजाई जिले के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। बाद जिलेवासियों, परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण एवं परेड के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक बिहू नृत्य, बंगाली लोक नृत्य तथा देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस तथा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें क्विज, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इसके अलावा अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को भी जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया।
समारोह के समापन पर परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

