मारवाड़ी सम्मेलन की गुवाहाटी मेट्रो और गुवाहाटी ग्रेटर शाखा ने संयुक्त रूप से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 15 अगस्त I मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी मेट्रो एवं गुवाहाटी ग्रेटर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस फटासिल गणेशपारा प्राथमिक विद्यालय, गणेशपाड़ा, धीरेनपाड़ा में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
समारोह में दोनों शाखाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही देशभक्ति का माहौल बना हुआ था। ध्वजारोहण से पूर्व ‘वंदे मातरम्’ तथा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के जयघोष लगाए।
समारोह में प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश कबरा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज काला एवं मंडल सहायक मंत्री निरंजन सिकरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन :
गुवाहाटी मेट्रो शाखा के अध्यक्ष अमित कुमार कंसल ने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और क्रांतिकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
गुवाहाटी ग्रेटर शाखा के अध्यक्ष दीपक पोद्दार ने भी स्वतंत्रता आंदोलन के वीरों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत की नींव हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष पर टिकी है। उन्होंने बच्चों से देश के इतिहास को जानने, अपने संस्कारों को मजबूत करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
सचिवों और संयोजकों का रहा विशेष योगदान :
कार्यक्रम का संचालन गुवाहाटी मेट्रो शाखा के सचिव नवीन हरलालका ने प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से किया। वहीं गुवाहाटी ग्रेटर शाखा के सचिव अरविंद सराफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों, विद्यालय परिवार एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीयूष गनेड़ीवाल, सुदर्शन गड़ोदिया, परवीन माहेश्वरी एवं मनोज लाहोटी का विशेष योगदान रहा। दोनों शाखाओं के सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और विद्यालय परिवार के सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समारोह के अंत में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित सदस्यों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, एकता और सेवा भावना के संकल्प के साथ हुआ।

