बाढ़ पीड़ितों के लिए मारवाड़ी समाज ने फिर बढ़ाए मदद के हाथ, राहत सामग्री का ट्रक शिवसागर रवाना, बीआरबीएस और गोलोक परिवार की संयुक्त पहल, जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी आवश्यक सामग्री
गुवाहाटी, 17 अगस्त। असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मारवाड़ी समाज का सेवा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बाबा रामदेव भक्त संगम (बीआरबीएस) और गोलोक परिवार, गुवाहाटी की ओर से रविवार को राहत सामग्री से भरा एक ट्रक शिवसागर के लिए रवाना किया गया।
गुवाहाटी के बोरझार स्थित किरणश्री ग्रैंड से रवाना किए गए ट्रक में बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की राहत एवं स्वच्छता सामग्री भेजी गई है। इसमें 100 गद्दे, 150 पेटी फिनाइल, 50 बोरी ब्लीचिंग पाउडर, 100 जोड़ी गमबूट, करीब एक हजार सैनिटरी पैड, साड़ियां, शर्ट, बायो-प्लास्टिक बैग सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
शिवसागर पहुंचने के बाद राहत सामग्री पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन की शिवसागर शाखा के सहयोग से बाढ़ प्रभावित एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि सामग्री के चयन में बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली स्वच्छता और दैनिक जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है।
राहत सामग्री रवाना करने के अवसर पर बीआरबीएस की ओर से अध्यक्ष घेवरचंद सिपानी, सचिव रवि सुरेका, कोषाध्यक्ष संजय जैन और कार्यकारिणी सदस्य अरविंद सरावगी उपस्थित रहे। गोलोक परिवार की ओर से अध्यक्ष रवि सुरेका, संरक्षक एवं ट्रस्टी बिनोद अग्रवाल, ट्रस्टी ओपी खंडेलवाल सहित रामगोपाल सोनी, राजू हरलालका, दिनदयाल जालान, सुरेश मंगलुनिया और अरुण जालान मौजूद रहे।
बीआरबीएस इससे पहले भी नाजिरा, शिवसागर और शिमलगुड़ी सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण कर चुका है। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों की जरूरतों को देखते हुए सेवा कार्य आगे भी जारी रखे जाएंगे।
दोनों संस्थाओं ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी प्रभावित परिवारों के सामने घरों की सफाई, स्वच्छता, स्वास्थ्य और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की गंभीर समस्या बनी रहती है। ऐसे समय में समाज के सामूहिक प्रयास से जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना आवश्यक है। इसी भावना के साथ राहत अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

